झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए हो रहे द्विवार्षिक चुनावों के लिए मतदान के दिन शनिवार (11 जून) को यहां पहले के एक आपराधिक मामले में झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक चमरा लिंडा को तड़के गिरफ्तार किया गया तथा पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इस बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रत्याशी बसंत सोरेन को समर्थन दे रहे कांग्रेस के सात विधायकों में से दो विधायकों बड़कागांव से निर्मला देवी और पांकी विधानसभा क्षेत्र से हाल ही में उपचुनाव जीतकर आए देवेन्द्र सिंह के नाम भी गिरफ्तारी वारंट जारी किया जा चुका है। इन दोनों कांग्रेसी विधायकों ने शनिवार (11 जून) को मतदान किया जिससे पार्टी को राहत मिली है।

इससे पहले कांग्रेस निर्मला एवं देवेन्द्र की संभावित गिरफ्तारी के खिलाफ उच्चतम न्यायालय जाने की योजना बना रही थी क्योंकि इस गिरफ्तारी के जरिये उन्हें चुनाव में मतदान से रोकने का प्रयास किया जाता। कांग्रेस के कानूनी प्रकोष्ठ के प्रमुख के सी मित्तल एवं पूर्व मंत्री सलमान खुर्शीद ने दिल्ली बताया कि चूंकि पार्टी के दोनों विधायकों ने वोट डाल दिया है उच्चतम न्यायालय का शरण लेने की योजना त्याग दी गई।

विधानसभा के आधिकारिक सूत्रों ने यहां बताया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक चमरालिंडा को कल आधी रात के बाद विधानसभा परिसर में प्रवेश करते समय 2013 में सुरक्षाबलों के साथ हुये एक विवाद के तहत जारी गिरफ्तारी वारंट की तामील करते हुए गिरफ्तार किया गया। इसकी सूचना पुलिस अधिकारियों ने विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय को भी दे दी। विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय के अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है।

झामुमो नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भाजपा सरकार पर जीत को टालने के लिए उनकी पार्टी के विधायकों को वोट डालने के मूलभूत अधिकार से वंचित करने का आरोप लगाया है जो उनका एक लोकतांत्रिक अधिकार है। झारखंड की 81 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा और उसके समर्थक दलों के 47 विधायक हैं, जबकि झामुमो के 19 और कांग्रेस के सात विधायक हैं।

भाजपा को दो निर्दलीय विधायकों ने पहले ही समर्थन की घोषणा कर रखी है, जबकि झामुमो को कांग्रेस के अलावा दो सदस्यीय झारखंड विकास मोर्चा और एक एक सदस्यों वाली भाकपा-माले और मार्क्सवादी समन्वय समिति (मसस) ने समर्थन की घोषणा कर रखी है। झामुमो के बसंत सोरेन के अलावा भाजपा की ओर से केन्द्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी और महेश पोद्दार उम्मीदवार हैं।