Massive Arms Haul In Faridabad: जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा हरियाणा के फरीदाबाद से विस्फोटकों का एक बड़ा जखीरा बरामद करने और एक डॉक्टर मुजम्मिल शकील को गिरफ्तार करने के बाद केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सवाल करते हुए कहा कि आरोपी एक समुदाय से क्यों हैं। गिरिराज सिंह ने इस मामले की तुलना मुंबई बम धमाकों से की और विस्फोटक जब्त करने के लिए केंद्र की तारीफ की।
समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, “देखिए पहले तो मैं मोदी सरकार और राज्य की सरकार, जिन्होंने इतनी सतर्कता से इसको पकड़ लिया। लेकिन ये तो मुंबई ब्लास्ट से भी खतरनाक था। अभी बाबा बागेश्वर की यात्रा चल रही थी। वहां पर भी बड़ी संख्या में भीड़ उनके साथ है। उस पर अगर अटैक होता तो क्या होता। लेकिन सवाल यह उठता है कि जब भी पकड़े जाते हैं तो एक ही समुदाय के यानी मुसलमान ही पकड़े जाते हैं। डॉक्टर पकड़े गए हैं।”
राहुल गांधी और अखिलेख यादव पर गिरिराज सिंह ने बोला हमला
गिरिराज सिंह ने आगे कहा, “चाहे राहुल गांधी हों, लालू प्रसाद यादव हों, अखिलेश यादव हों या असदुद्दीन ओवैसी हों, उन्होंने इस पर कोई बयान नहीं दिया है। क्या भारत को गजवा-ए-हिंद बनाने की साजिश है। ये बेहद दुखद है और इस पर देश के लोगों को चिंता करनी चाहिए। ये छोटी घटना नहीं है। ये घटना देश को दहला देने की घटना है। इस घटना में जो लोग पकड़े गए हैं, वो एक डॉक्टर है। जो लोग कहते हैं कि आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता, मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि जितने आतंकी पकड़े जाते हैं, वो मुस्लिम धर्म के ही क्यों होते हैं। इनका मकसद भी धर्म से जुड़ा होता है। पहलगाम की घटना यही थी और यहां की घटना भी यही है। इसको अब समाज को भी हल्के में नहीं लेना चाहिए।”
ये भी पढ़ें: फरीदाबाद में डॉक्टर के घर से मिला 360 किलो अमोनियम नाइट्रेट
बता दें कि जम्मू-कश्मीर पुलिस की एक टीम ने फरीदाबाद के धौज गांव में एक किराये के मकान से 360 किलो विस्फोटक बरामद किया है। साथ ही, एक असॉल्ट राइफल, एक पिस्तौल, तीन मैगजीन, 20 टाइमर, एक वॉकी-टॉकी सेट और गोला-बारूद भी बरामद किया। पुलिस ने बताया कि इस अभियान के दौरान जम्मू-कश्मीर के एक डॉक्टर को भी गिरफ्तार किया गया है।
फरीदाबाद के पुलिस कमिश्नर ने क्या जानकारी दी?
सोमवार दोपहर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में फरीदाबाद के पुलिस कमिश्नर सतेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया, “यह हरियाणा पुलिस और जम्मू-कश्मीर पुलिस के बीच चल रहा एक जाइंट ऑपरेशन है। डॉ. मुज़म्मिल नामक एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। कल 360 किलो ज्वलनशील पदार्थ बरामद किया गया, जो संभवतः अमोनियम नाइट्रेट है। यह आरडीएक्स नहीं है। ऑपरेशन अभी भी जारी है। पकड़ा गया आरोपी यहां अल-फलाह यूनिवर्सिटी में पढ़ाता था।”
