Maharashtra News: महाराष्ट्र में हिंदू संगठनों ने जबरन धर्मांतरण और लव जिहाद के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसी क्रम में हिंदू संगठनों का नेतृत्व करने वाली संस्था सकल हिंदू समाज महाराष्ट्र में रैलियां कर रही है। रविवार (29 जनवरी, 2023) को मुंबई में भी विशाल रैली निकाली गई, जिसमें भारतीय जनता पार्टी के नेता भी शामिल हुए। संगठन ने धर्मांतरण और कथित लव जिहाद के खिलाफ कानून बनाने और अल्पसंख्यक समुदाय की दुकानों से माल खरीदने का बहिष्कार करने की मांग की है। सकल हिंदू समाज अभी तक पूरे राज्य में 30 रैलियां कर चुका है।

रविवार को आयोजित इस कार्यक्रम में कई शीर्ष नेताओं और महाराष्ट्र सरकार के सदस्यों ने भाग लिया। इनमें भाजपा विधायक और पार्टी के मुंबई अध्यक्ष आशीष शेलार, मुंबई उत्तर से भाजपा सांसद गोपाल शेट्टी, मुंबई उत्तर पूर्व से भाजपा सांसद मनोज कोटक, एमएलसी प्रवीण दारेकर, भाजपा सचिव विनोद शेलार और शीतल म्हात्रे, पूर्व पार्षद और अब बालासाहेबंची शिवसेना के सदस्य भी शामिल थे।

संजय राउत ने कसा तंज

शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने केंद्र सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि देश के दो सबसे शक्तिशाली हिंदू नेताओं के नेतृत्व में होने के बावजूद हिंदू विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “देश को दो शक्तिशाली हिंदू नेताओं, नरेंद्र मोदी और अमित शाह द्वारा चलाया जा रहा है। कहा जा रहा है कि महाराष्ट्र में भी अब हिंदू सरकार है। यह वास्तव में दुर्भाग्यपूर्ण है कि राज्य के हिंदुओं को विरोध मार्च निकालने के लिए मजबूर किया जा रहा है। ऐसा इसलिए है क्योंकि हिंदुओं को उन नेताओं से न्याय नहीं मिलता है जो खुद को हिंदू मानते हैं।”

राउत ने यह भी कहा, “भारत में हिंदू नेताओं के शासन के बावजूद कश्मीरी पंडित महीनों से विरोध कर रहे हैं। यूपी के पूर्व सीएम दिवंगत मुलायम सिंह यादव ने अयोध्या में कारसेवकों पर गोली चलाने का आदेश दिया था और इस सरकार ने उन्हें पद्म विभूषण दिया है। विरोध इसके खिलाफ है और इसका स्वागत किया जाना चाहिए।”