Himachal Pradesh Election: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार (6 नवंबर, 2022) को हिमाचल प्रदेश के नगरोटा, जसवां परागपुर और ऊना में बीजेपी प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा।

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि 10 साल सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह की सरकार चली। कांग्रेस ने 12 लाख करोड़ का घोटाला किया और आज हिमाचल की जनता को गारंटी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की गारंटी को हिमाचल में कोई नहीं मानता। कांग्रेस के समय के घोटाले गिनना मुश्किल है और BJP के समय में घोटाले ढूंढना मुश्किल है। कांग्रेस पर हमलावर होते हुए अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस वालों के पास एक ही मुद्दा है कि यहां एक रिवाज है कि एक बार कांग्रेस आती है और एक बार भारतीय जनता पार्टी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड, यूपी, असम, मणिपुर में जाकर देखो रिवाज बदल गया है। अब एक बार भाजपा आती है तो बार-बार भाजपा आती है।

देश की अर्थव्यवस्था को लेकर अमित शाह ने कहा कि आज हम विश्व की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गए हैं। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राहुल बाबा आप 11वें नंबर पर छोड़कर गए थे। वो भी 11वें नंबर पर भी आप नहीं लाए थे। अटल जी 16वें नंबर से 11वें नंबर देश की अर्थव्यवस्था को लाए थे। शाह ने तंज कसते हुए कहा कि आपने उपकार किया कि सोनिया और मनमोहन की सरकार ने उसे 11वें नंबर से नीचे नहीं गिराया। जब मोदी जी आए तो उन्होंने केवल आठ साल में देश की अर्थव्यवस्था को 11वें नंबर से 5वें नंबर पर लाने का काम किया।

पीएम मोदी ने कश्मीर से धारा-370 और 35A को उखाड़कर फेंक दिया: शाह

ऊना मे शाह ने कहा कि यह लोग (कांग्रेस) धारा 370 नहीं हटाते थे। उनको डर लगता था कि धारा 370 हटाएंगे तो वोट बैंक का क्या होगा। आप लोगों ने मोदी जी को दूसरी बार प्रधानमंत्री बनाया और उन्होंने धारा 370 और 35A को उखाड़ कर फेंक दिया।

वहीं रविवार को भारतीय जनता पार्टी ने अपना मेनिफेस्टो भी जारी कर दिया है। जिसमें कई वादे किए गए हैं। घोषणा पत्र पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 28 लाख लोगों को फायदा मिलेगा। स्वच्छ भारत से दो लाख परिवारों को स्वच्छता के साथ जोड़ा जायेगा। आवास योजना से हजारों की संख्या में लोगों को पक्के घर दे रहे हैं। जेपी नड्डा ने कहा कि कक्षा 6-12 की छात्राओं को साइकिल मिलेगी, उच्च शिक्षा प्राप्त करने वालों को स्कूटी मिलेगी।