हरियाणा में कोरोना से पिछले 24 घंटे में 4 मरीजों की जान जा चुकी है। अब तक राज्य में कुल 17 की मौत हुई है। वहीं संक्रमितों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। पिछले 24 घंटे में कुल 38 नए केस मिलने से अब संक्रमितों का आंकड़ा एक हजार के पार पहुंच गया है। राज्य में पहला केस 17 मार्च को सामने आया था। गुरुवार को राज्य में कोरोना वायरस के मामले हजार की संख्या पार कर गए। हालांकि, एक अच्छी खबर यह है कि राज्य में अब तक 670 मरीज ठीक हो कर घर लौट चुके हैं। यानी अभी राज्य में मरीजों के ठीक होने की दर 65 फीसदी के ऊपर बनी हुई है।

Coronavirus India Live Updates

इससे पहले हरियाणा में लॉकडाउन 4.0 के तहत आम लोगों के साथ फैक्ट्री मालिकों को भी छूट देने का सिलसिला शुरू किया गया। हिसार समेत राज्य के कई औद्योगिक क्षेत्रों में भी काम शुरू हो गया। इससे रोजगार गंवा बैठे कई मजदूर वापस काम पर लौटे। कई अन्य प्रवासी श्रमिकों ने अपने घर जाने का फैसला भी बदल दिया। गौरतलब है कि हरियाणा से अपने गृह राज्य जाने के लिए करीब 8 लाख लोगों ने रजिस्ट्रेशन करवाया है। हालांकि, अब तक सिर्फ 2 लाख को ही श्रमिक ट्रेनों और बसों से घर वापस भेजा जा सका है। फैक्ट्रियां खुलने के बाद अब तक 4 हजार लोग अपना रजिस्ट्रेशन कैंसल करा चुके हैं।

Lockdown 4.0 Guidelines in Hindi

इस बीच यमुनानगर और अंबाला के बाद सिरसा कोरोना से मुक्त होने वाला तीसरा जिला बन गया है। दूसरी तरफ गुड़गांव में अब कुल मामले बढ़ कर 226 हो गए हैं। इनमें 95 मरीजों का इलाज चल रहा है। इसके बाद फरीदाबाद (170), सोनीपत (148), झज्जर (91), नूंह (65), अंबाला (42), पलवल (39), पानीपत (38), पंचकुला (25), जींद (20), करनाल (18), रोहतक (12), रेवाड़ी (9) और फतेहाबाद, सिरसा, यमुनानगर, महेंद्रगढ़, भिवानी, कैथल, हिसार जैसे जिलों में कोरोना केस सामने आ चुके हैं।

क्‍लिक करें Corona Virus, COVID-19 और Lockdown से जुड़ी खबरों के लिए और जानें लॉकडाउन 4.0 की गाइडलाइंस।

Live Blog

Highlights

    01:49 (IST)22 May 2020
    आपत्तिजनक ट्वीट को लेकर कांग्रेस नेता पंकज पूनिया गिरफ्तार, पुलिस रिमांड में भेजा गया


    करनाल में पुलिस ने हरियाणा से कांग्रेस नेता पंकज पूनिया को एक आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से ‘‘धार्मिक भावनाएं आहत करने’’ के आरोप में गिरफ्तार किया है। पूनिया को एक दिन की पुलिस रिमांड में भेजा गया है। एक पुलिस अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि हरियाणा प्रदेश कांग्रेस समिति के पूर्व सचिव पूनिया को मधुबन पुलिस थाने में करनाल के एक निवासी की लिखित शिकायत के बाद बुधवार देर रात गिरफ्तार किया गया। लिखित शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पूनिया ने अपने ट्वीट के जरिए ‘‘धार्मिक भावनाएं आहत कीं’’ और ‘‘धर्म के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा दिया’’। मधुबन पुलिस थाना प्रभारी निरीक्षक तरसेम चंद ने कहा, ‘‘पंकज पूनिया को मधुबन इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया।’’ गुरुवार पूनिया को करनाल की एक अदालत के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें एक दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया गया। यूपी पुलिस ने भी पूनिया के खिलाफ बुधवार को इसी प्रकार की शिकायत दर्ज की थी। पूनिया के खिलाफ कथित आपत्तिजनक ट्वीट को लेकर लखनऊ के हजरतगंज में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

    00:18 (IST)22 May 2020
    प्रवासी मजदूरों के लिए हरियाणा से इन राज्यों के लिए 19 ट्रेनें चलाई जाएंगी

    प्रवासी श्रमिकों को उनके गृह राज्यों में पहुंचाने के लिए दिनांक 22 मई से 27 मई 2020 तक हरियाणा से बिहार, छत्तीसगढ़, नागालैंड, त्रिपुरा, मणिपुर, अरूणाचल प्रदेश, असम व मेघालय के लिए 19 ट्रेन चलाई जाएँगी। राज्य सरकार के मुताबिक अब तक 2 लाख 38 हजार से अधिक श्रमिकों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा चुका है।

    22:31 (IST)21 May 2020
    हरियाणा में कोरोना के 38 नए मामले

    पिछले 24 घंटे में राज्य में  कुल 38 नए केस मिलने से अब संक्रमितों का आंकड़ा एक हजार के पार पहुंच गया है। राज्य में पहला केस 17 मार्च को सामने आया था। 

    20:11 (IST)21 May 2020
    हरियाणा से 3982 बसों में 135000 लोग उत्तर प्रदेश पहुंचे

    उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि द्वितीय चरण में हरियाणा से 3982 बसों में 135000 लोग, राजस्थान से 355 बसों में 13224 और मध्य प्रदेश में 1350 बसों में 49000 लोग वापिस आ चुके हैं। अब तक बसों और ट्रेनों के माध्यम से कुल मिलाकर 1368000 लोग प्रदेश वापिस आ चुके है।

    18:36 (IST)21 May 2020
    हरियाणा में सोशल डिस्टेंसिंग की उड़ी धज्जियां

    हांसी से बीजेपी के विधायक विनोद भयाना ने लॉकडाउन के बावजूद एक सार्वजनिक सभा में गौशाला का उद्घाटन किया। इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता और गौरक्षक भी मौजूद थे। देखते ही देखते उनके आसपास लोगों की काफी भीड़ जुट गई इस दौरान यह लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते नजर नहीं आए।

    17:44 (IST)21 May 2020
    हरियाणा में अबतक 14 लोगों की मौत

    हरियाणा में कोरोना वायरस के चलते अबतक 14 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं , संक्रमितों की संख्या एक हजार के पार हो गई है। इस बीच यमुनानगर और अंबाला के बाद सिरसा कोरोना से मुक्त होने वाला तीसरा जिला बन गया है।

    15:41 (IST)21 May 2020
    हरियाणाः आज 16 नए मरीज आए, 22 ठीक हुए

    आज हरियाणा में कोरोना के 16 नए मरीज सामने आए हैं। इनमें फरीदाबाद से 9, पानीपत में 4, कुरुक्षेत्र में 2 और महेंद्रगढ़ से 1 मरीज शामिल है। वहीं 22 मरीज ठीक भी हुए हैं। झज्जर में 18, रोहतक में 3 और सोनीपत में 1 मरीज ठीक हुआ है। 

    15:07 (IST)21 May 2020
    सरकारी विभागों में कामकाज शुरू, ड्यूटी पर लौटे 18 हजार कर्मचारी

    लॉकडाउन में 4.0 में सरकारी कार्यालयों की व्यवस्था को दोबारा शुरू करने के लिए कर्मचारियों को रोस्टर और शिफ्ट्स में में कार्य करने के लिए बुलाया गया है। इसके तहत विभागों में कार्य शुरू किया गया है। कुछ विभागों में कर्मियों को एक दिन छोड़कर एक दिन बुलाया गया है। वहीं कुछ जगहों पर सुबह-शाम के हिसाब से ड्यूटी फिक्स की गई है। बुधवार को इस इंतजाम से 18 हजार कर्मचारी काम पर पहुंचे।

    14:36 (IST)21 May 2020
    हिसारः भाजपा विधायक ने लाव-लश्कर के साथ किया गौशाला का उद्घाटन

    केंद्र सरकार की ओर से लॉकडाउन में छूट का ऐलान किया गया है। हालांकि, धार्मिक और राजनीतिक सभाओं के लिए अभी तक इजाजत नहीं दी गई है। इसी बीच हरियाणा के हिसार में स्थित हांसी के विधायक विनोद भयाना सरकार के सारे नियम तोड़ते हुए गौशाला का उद्घाटन करने पहुंच गए। इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और गौरक्षक दिखाई दिए। देखते ही देखते उनके आसपास और लोगों की भीड़ भी जुटी दिखाई दी। पढ़ें पूरी खबर...

    14:06 (IST)21 May 2020
    नई डिस्चार्ज पॉलिसी से पीजीआई में एक ही दिन में 48 मरीज डिस्चार्ज

    चंडीगढ़ पीजीआई ने नई डिस्चार्ज पॉलिसी के तहत एक ही दिन में 48 कोरोना मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर क्वारैंटाइन सेंटर भेजा गया है। दरअसल, इन लोगों की टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद भी इनमें 10 दिन तक कोई लक्षण नहीं दिखे थे। इसलिए सभी को अब धर्मशाला में आइसोलेट किया गया है।

    13:40 (IST)21 May 2020
    नारनौलः विदेश से आने वालों को 5 स्टार होटल में क्वारैंटाइन कर रहा प्रशासन

    विदेश से लौटे राज्य के तीन लोगों को गुरुवार को नारनौल लाया गया। इन सभी को टेस्ट के बाद क्वरैंटाइन सेंटर में रखा गया। कुछ लोगों को 5 स्टार होटल में भी आइसोलेट किया गया है। प्रशासन ने इनके लिए प्रतिदिन 3600 रुपए का चार्ज फिक्स किया है। दूसरी तरफ धर्मशाला में ठहर रहे लोगों से क्वारैंटाइन में रहने का कोई चार्ज नहीं लिया जा रहा।

    13:16 (IST)21 May 2020
    मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग पर सरकार बना सकती है कानून

    हरियाणा में लॉकडाउन 4.0 के तहत मिलने वाली छूट के बाद से ही सैकड़ों की संख्या में लोगों को बिना मास्क पहने सड़कों पर निकलते देखा गया है। इसके अलावा आम लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते भी नहीं पाया जा रहा। अब इस पर सरकार सख्ती दिखा सकती है। हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने गृह सचिव को पत्र लिखकर हेलमेट की तर्ज पर ही मास्क पहनने को अनिवार्य करने पर सलाह मांगी है। उन्होंने पूछा है कि मास्क पहनने के नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कितना जुर्माना लगाया जा सकता है।

    गृह मंत्री ने इस पत्र के संबंध में बताया कि अभी सिर्फ शुरुआती तौर पर ही मास्क की अनिवार्यता पर विचार हो रहा है। इस पर कोई भी फैसला सबकी सहमति के बाद ही होगा और तब ही कोई कानून बनेगा। सीएम और अन्य मंत्री भी इस पर विचार करेंगे, तभी निर्णय लिया जा सकेगा कि मास्क न लगाने वाले और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने वालों पर किस तरह की कार्रवाई की जाए।

    12:51 (IST)21 May 2020
    नारनौलः गांव तक पहुंचा कोरोना, दो लोगों के पॉजिटिव मिलने के बाद हड़कंप

    प्रवासी मजदूरों की आवाजाही की वजह से कोरोना अब हरियाणा के गांवों तक पहुंच गया है। यहां के नारनौल में गुड़गांव से नारनौल आने वाले एक व्यक्ति की टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके अलावा एक और व्यक्ति ने अपना अस्पताल जाकर टेस्ट कराया था, अब उसकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।

    12:16 (IST)21 May 2020
    गृह मंत्री बोले- प्रवासी अभी कैंप में रहें, जल्द घर वापस भेजेंगे

    हरियाणा सरकार ने श्रमिकों से कहा कि जो घर लौटना चाहते हैं, वे सड़कों पर न उतरें और न पैदल यात्रा करें। वे संबंधित जिले में खुद का रजिस्ट्रेश कराएं। गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि रिसीविंग प्रदेश से अब एनओसी की जरूरत नहीं है। इसलिए रेलवे से प्रवासी मजदूरों को घर भेजने के लिए अतिरिक्त ट्रेनें मांगी जाएंगी। 

    11:43 (IST)21 May 2020
    महिला की रिपोर्ट निगेटिव आई तो घर में आइसोलेट किया, अब बेटे समेत फिर से संक्रमित निकली

    हरियाणा में कोरोना मुक्त हुई महिला की रिपोर्ट एक बार फिर पॉजिटिव आने के बाद प्रशासन सकते में है। दरअसल, कुछ दिन पहले ही जुकाम के लक्षण के बाद महिला की जांच हुई तो उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। हालांकि, अगले दिन ही उसकी रिपोर्ट निगेटिव आ गई, जिसके बाद डॉक्टरों ने उसे घर पर ही आइसोलेट कर दिया। लेकिन अब एक बार फिर महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव निकली है। उसके साथ उसका 15 साल का बेटा भी संक्रमित पाया गया है।

    11:22 (IST)21 May 2020
    हरियाणा सरकार ने रेल मंत्रालय से लगाई ज्यादा स्पेशल ट्रेन मुहैया कराने की गुहार

    हरियाणा सरकार ने रेल मंत्रालय से अतिरिक्त श्रमिक स्पेशल ट्रेन मुहैया कराने के लिए कहा है। अब तक रोजाना 3 से 4 रेल गाड़ियां बिहार या अन्य प्रदेशों में जा रही थी, लेकिन ज्यादा ट्रेनें मिलने से यह आंकड़ा तेजी से बढ़ने लगेगा। अब तक हरियाणा से करीब 2.06 लाख श्रमिक अपने प्रदेशों में जा चुके हैं। करीब 6 लाख अभी बाकी हैं। कुल मिलाकर 8 लाख श्रमिकों ने सरकार के पास पंजीकरण कराया है।