हरियाणा के गुरुग्राम में पुलिस ने बुधवार को एक नाबालिग लड़की को प्रताड़ित करने और उसके साथ मारपीट करने के आरोप में एक दंपति को गिरफ्तार किया था। कपल ने 17 वर्षीय नाबालिग को घरेलू सहायिका के रूप में काम पर रखा था और फिर उस पर बेइंतहा जुल्म ढाए। अब इस मामले ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का ध्यान आकर्षित किया है जिन्होंने मामले में सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं।

झारखंड पुलिस से FIR दर्ज करने को कहा

सोरेन ने एक ट्वीट में झारखंड पुलिस से FIR दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई करने को कहा। सीएम ने कहा कि जानकारी के अनुसार, लड़की सिमडेगा की रहने वाली है। जिला प्रशासन को उसे चिकित्सा सुविधा प्रदान करनी चाहिए और राज्य में उसकी वापसी की सुविधा प्रदान करनी चाहिए। यह भी सुनिश्चित करें कि उसे सरकार और शिक्षा योजनाएं प्रदान की जाएं। उन्होंने झारखंड की महिला एवं बाल मंत्री से इस पर ध्यान देने को कहा।

गुरुग्राम के कपल ने घर में कैद कर ढाए थे जुल्म

दरअसल, नाबालिग लड़की झारखंड के सिमडेगा जिले की रहने वाली है और उसने करीब पांच महीने पहले मनीष खट्टर और उनकी पत्नी कमलजीत कौर के घर पर काम करना शुरू किया था। कपल के अत्याचार झेलने वाली लड़की ने बुधवार को अपने माता-पिता से वीडियो कॉल पर बात की। गुड़गांव स्थित महिला और बाल अधिकार संगठन शक्ति वाहिनी के कार्यकारी निदेशक निशिकांत ने बताया, “यह एक इमोशनल कॉल था और उसने उनसे अपनी आदिवासी भाषा में बात की।

नाबालिग लड़की के साथ हुई घटना की सूचना मिलने के बाद बचाव दल और चाइल्डलाइन की एक टीम ने झारखंड में उसके परिवार से संपर्क किया। चूंकि, वे एक आदिवासी इलाके में रहते हैं जो नक्सल क्षेत्र के पास पड़ता है इसलिए स्थानीय पुलिस की मदद से परिवार को झारखंड के स्थानीय पुलिस स्टेशन लाया गया और कॉल की व्यवस्था की गई। झारखंड से मानव तस्करी विरोधी इकाई की एक टीम के कल गुरुग्राम पहुंचने की उम्मीद है।

नाबालिग लड़की की मां पुलिस के साथ

जवाब में जिला पुलिस ने लिखा, “हमने गुरुग्राम पुलिस और लड़की के माता-पिता से संपर्क किया है। आगे की जांच और बचाव के लिए एक टीम को गुरुग्राम भेजा जा रहा है। जिला कलेक्टर ने भी सीएम सोरेन को जवाब दिया, “मानव तस्करी विरोधी इकाई बचाव के लिए कल रवाना होगी। उन्हें चिकित्सा, शिक्षा, पुनर्वास और अन्य योजनाओं का लाभ जल्द उपलब्ध कराया जाएगा।”

लड़की की मां पुलिस के साथ है और उनके शुक्रवार को गुरुग्राम पहुंचने की उम्मीद है। इस बीच झारखंड पुलिस के सूत्रों ने कहा कि लड़की और उसकी बड़ी बहन को 9 महीने पहले उनके चाचा गुरुग्राम ले गए थे। लगता है बड़ी बहन गायब है, हम जांच कर रहे हैं।