गुजरात विधानसभा चुनाव (Gujarat Assembly Elections) की तैयारियों में जुटी आम आदमी पार्टी ने प्रदेश में नए संगठन ढांचे की घोषणा की है। पार्टी की प्रदेश यूनिट ने 850 नए पदाधिकारियों के नामों का ऐलान किया है। पार्टी ने इंद्रनील राजगुरु और इसुदान गढ़वी को राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी दी है। 2020 के बाद से राज्य इकाई का यह पहला पुनर्गठन है जब वर्तमान राज्य इकाई के अध्यक्ष गोपाल इटालिया को इस पद पर नियुक्त किया गया था।
इस पुनर्गठन में पार्टी ने जाति और समुदाय के आधार पर संतुलन कायम करने की कोशिश की है। लेकिन इसको लेकर असंतोष के स्वर भी उभर रहे हैं। कुछ संस्थापक सदस्यों का दावा है कि नए लोगों को समायोजित करने के लिए पार्टी ने उन लोगों की अनदेखी की है जो शुरू से ही इसके साथ रहे हैं।
संगठन में बदलाव के बाद प्रमुख नियुक्तियों में आप गुजरात के संस्थापक-अध्यक्ष किशोरभाई देसाई को फ्रंटल संगठन के प्रदेश अध्यक्ष, वरिष्ठ नेता मनोज सोरथिया को राज्य महासचिव, कांग्रेस के पूर्व नेता कैलाश गढ़वी को प्रदेश कोषाध्यक्ष, जूनागढ़ के पूर्व भाजपा नेता जगमल वाला उपाध्यक्ष के तौर पर हैं।
इटालिया के पद को छोड़कर, पार्टी द्वारा अपनी राज्य इकाई को भंग करने के कुछ दिनों बाद संगठनात्मक बदलाव सामने आया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप नेता अरविंद केजरीवाल के विश्वासपात्र और आईआईटी दिल्ली के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ संदीप पाठक ने नई नियुक्तियों की घोषणा करने के लिए दिल्ली से अहमदाबाद पहुंचे थे। 42 वर्षीय पाठक गुजरात में आम आदमी पार्टी के प्रभारी नेता हैं और उन्हें 2019 में दिल्ली और इस साल की शुरुआत में पंजाब में पार्टी की जीत के शिल्पकारों में से एक माना जाता है।
इसुदान गढ़वी को पार्टी का राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव नियुक्त किया गया है जो अहमदाबाद के पूर्व टीवी समाचार एंकर हैं। वहीं, राजगुरु को भी राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया गया है। वे राजकोट के एक रियल एस्टेट व्यवसायी हैं और पूर्व कांग्रेस विधायक हैं। दोनों नेताओं ने आप संयोजक अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में पार्टी का दामन थामा था लेकिन इसके पहले तक पार्टी में इन्हें कोई पद नहीं सौंपा गया था। जानकारी के मुताबिक, आने वाले दिनों पार्टी पदाधिकारियों की दो नई लिस्ट जारी कर सकती है।
संदीप पाठक ने एक प्रेस कॉन्फ्रेस के दौरान कहा कि पार्टी में दो महीने में राज्य में 30,000 सक्रिय सदस्य शामिल हुए हैं और गुजरात चुनाव के मद्देनजर संगठन को सुव्यवस्थित करने के लिए यह पुनर्गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी जल्द ही मुख्यमंत्री पद के लिए उम्मीदवार के नाम का ऐलान करेगी और उचित समय आने पर इसका ऐलान किया जाएगा। बता दें कि 182 सदस्यीय गुजरात विधानसभा के लिए इस साल दिसंबर में चुनाव होने हैं।
