Gujarat Assembly Election 2022: गुजरात में विधानसभा चुनाव की घोषणा आने वाले कुछ दिनों में होने की संभावना है। ऐसे में गुजरात कांग्रेस के विधायक राज्य में होने वाले चुनावों पर आलाकमान के कम ध्यान दिए जाने से हैरान हैं। वहीं एक कांग्रेस विधायक ने प्रियंका गांधी वाड्रा के लिए 45 हजार रुपये में गरबा ड्रेस खरीदी थी, लेकिन गरबा उत्सव आया और चला गया, लेकिन प्रियंका गांधी वाड्रा नहीं पहुंची।
गुजरात कांग्रेस विधायकों का मानना है कि 2017 विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राज्य का कई बार दौरा किया था। इस दौरान वो कई मंदिरों में भी गए थे। साथ ही कांग्रेस के चुनाव अभियान को एक नया बल दिया था, जिससे भारतीय जनता पार्टी में काफी असमंजस की स्थिति देखी गई थी। वहीं इस बार इस बार दिल्ली का कोई भी जाना पहचाना चेहरा चुनाव प्रचार में दिलचस्पी नहीं दिखा रहा है। राहुल अपनी 150 दिवसीय भारत जोड़ो यात्रा में व्यस्त हैं, हालांकि कुछ का मानना है कि राहुल गांधी हिमाचल और गुजरात में चुनाव प्रचार शुरू करेंगे।
वेणुगोपाल से कांग्रेस विधायक ने लगाई थी गुहार
पिछले महीने कांग्रेस के एक विधायक ने कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल से गुहार लगाई थी कि अगर राहुल नहीं आ सकते तो कम से कम प्रियंका वाड्रा को गुजरात गरबा समारोह में आना चाहिए। इस दौरान वेणुगोपाल ने वादा किया कि वह उनको मनाने की कोशिश करेंगे।
इसके बाद कांग्रेस विधायक ने प्रियंका गांधी वाड्रा के लिए 45 हजार रुपये में गरबा ड्रेस खरीदी, लेकिन गरबा उत्सव आया और चला गया, लेकिन प्रियंका गांधी वाड्रा नहीं आईं। दूसरी ओर, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अपने डांडिया रास कदमों से गुजरातियों को खुश किया।
वहीं गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी काफी सक्रिय नजर आ रही है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की निगाहें दिल्ली और पंजाब फतह के बाद गुजरात और हिमाचल चुनाव पर आ टिकी हैं तो दूसरी तरफ गुजरात विधानसभा चुनाव बीजेपी के लिए प्रतिष्ठा का चुनाव बना हुआ है।