पूर्व केंद्रीय मंत्री और JDU नेता आरसीपी सिंह गुरुवार (11 मई) को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। उन्होंने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को ‘C’ शब्द से बड़ा प्यार है, C से चेयर होता है।

बीजेपी ज्वाइन करने के बाद आरसीपी सिंह ने कहा कि मेरे लिए गौरव और गर्व का पल है कि मैंने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की है। पीएम नरेंद्र मोदी, जेपी नड्डा और गृहमंत्री अमित शाह को बहुत आभार। आपसीपी सिंह ने कहा कि विश्व की सबसे बडी पार्टी बीजेपी है।

नीतीश कुमार को सब PM कहते- आरसीपी सिंह

बिहार के सीएम पर हमला बोलते हुए आरसीपी सिंह ने कहा, “नीतीश कुमार बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं। उन्हें जरा सोचना चाहिए कि देश कहां से कहां चला गया और बिहार कहां हैं। उन्हें ‘C’ शब्द से बड़ा प्यार है, C से चेयर होता है इसलिए कुर्सी के मोह में सारा काम कर रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा, “नीतीश कुमार को सब PM कहते हैं। मैंने भी उन्हें कहा कि आप PM थे, PM हैं और PM रहेंगे। पीएम मतलब पल्टीमार। उन्होंने कितनी बार विश्वासघात किया है।”

नीतीश कुमार को ‘C’ शब्द से बड़ा प्यार

आरसीपी सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार पहले क्या बोलते थे कि देश में कोई काम नहीं हो रहा है। अगर काम नहीं हो रहा है तो नीतीश कुमार ये बताएं कि आज भारतवर्ष दुनिया में पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। यह कैसे हुआ? आज मुंबई गए हैं वहां वो बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं। जरा सोचिए कि देश कहां चला गया और बिहार आज कहां है?

आरसीपी सिंह ने कहा कि पहले जब भी नीतीश कुमार के पास जाते थे तो वह कहते कि क्राइम और करप्शन के खिलाफ हैं। उनको C शब्द से बड़ा प्रेम है लेकिन C से चेयर भी होता है। आज कल वो कुर्सी के लिए ही सब कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में नीतीश का कुछ नहीं बचेगा, सिर्फ वो रहेंगें और उनके अध्यक्ष रहेंगें और भुंजा रहेगा।

कौन हैं आरसीपी सिंह?

आरसीपी सिंह जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वह कभी नीतीश कुमार के दाहिने हाथ माने जाते थे। नई दिल्ली के भाजपा मुख्यालय में आज वह बीजेपी में शामिल हो गए। मूल रूप से नालंदा के रहने वाले आरसीपी सिंह उत्तर प्रदेश कैडर के पूर्व आईएएस अधिकारी रह चुके हैं।