Delhi MCD Election 2022: दिल्ली के नगर निगम चुनाव (MCD Election) से पहले कांगट्रेस को बड़ा झटका लगा है। पूर्व सांसद और कांग्रेस नेता महाबल मिश्रा एमसीडी चुनाव से पहले आप में शामिल हो गए। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सार्वजनिक रैली के दौरान कांग्रेस नेता ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ली।
आप संयोजक ने महाबल मिश्रा का स्वागत करते हुए ट्वीट किया, “दिल्ली में पूर्वांचल समाज के लोकप्रिय नेता श्री महाबल मिश्रा जी का मैं आम आदमी पार्टी परिवार में स्वागत करता हूं। जनता और समाज के बीच आपके अनुभव के साथ हम सब मिलकर देश को आगे बढ़ाएंगे।”
मनीष सिसोदिया ने किया स्वागत: दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी पूर्व सांसद के आम आदमी पार्टी की सदस्यता लेने पर ट्वीट किया, “AAP का परिवार दिन पर दिन सशक्त होता जा रहा है। कांग्रेस के पूर्व सांसद व पूर्वांचल के कद्दावर नेता महाबल मिश्रा जी का AAP की क्रांति में स्वागत है। उनके साथ आने से AAP के हर तबके को विश्वस्तरीय शिक्षा स्वास्थ्य सुविधा देने व दिल्ली को साफ सुथरा बनाने के संकल्प को ताकत मिलेगी।”
बेटा भी है आप विधायक: दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल पहाड़गंज में जनसभा करने पंहुचे थे जहां कांग्रेस के पूर्व सांसद और पूर्वांचल समाज के बड़े नेता महाबल मिश्रा ने अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी का दामन थामा। महाबल मिश्रा का बेटा पहले से आम आदमी पार्टी का विधायक है। इस दौरान उनके साथ में महाबल मिश्रा और विधायक विनय मिश्रा भी मौजूद रहे। महाबल मिश्रा द्वारका से आप विधायक विनय मिश्रा के पिता हैं।
इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने लोगों से उन लोगों को वोट नहीं देने का आग्रह किया जो आगामी नगर निगम चुनाव में दिल्ली के विकास और कल्याणकारी कार्यों को रोकना चाहते हैं। उन्होंने स्कूलों और अस्पतालों के निर्माण के साथ-साथ मुफ्त बिजली और पानी उपलब्ध कराने में आप सरकार की भूमिका पर भी बात की।
4 दिसंबर को होगा दिल्ली में एमसीडी चुनाव: गौरतलब है कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के 250 वार्डों के लिए 4 दिसंबर 2022 को मतदान होना है, वहीं चुनाव परिणाम 7 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे। भाजपा 2007 से दिल्ली के नगर निगमों में सत्ता पर काबिज है। मई 2022 में केंद्र सरकार ने तीनों नगर निगमों का विलय कर एक एमसीडी बना दिया है।