कांग्रेस ने बुधवार को आरोप लगाया कि उसके नेताओं के खिलाफ कई फर्जी आरोप दर्ज करवाया जाना केन्द्र एवं हरियाणा की भाजपा सरकार की राजनीतिक बदले की कार्रवाई का अंग होने के अलावा कुछ और नहीं है और उसने दावा किया कि इससे सत्तारूढ़ दल का षड्यंत्र बेनकाब हो जाएगा। पी चिदंबरम एवं भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के परिजनों तथा गुजरात में शंकर सिंह वाघेला, वीरभद्र सिंह, अशोक गहलोत, सचिन पायलट के खिलाफ दज करवाये गये ‘‘गलत मामलों’’ का उल्लेख करते हुए कांगे्रस के प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल शासन के मुद्दे पर अपनी विफलता को छिपाने के लिए यह सब कर रही है।
नेशनल हेराल्ड मामले में हाल में कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी एवं उपाध्यक्ष राहुल गांधी को निचली अदालत में तलब किये जाने का परोक्ष उल्लेख करते हुए सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि भाजपा सुब्रह्मण्यम स्वामी जैसे ‘‘शरारती तत्वों’ का इस्तेमाल कांग्रेस नेतृत्व को निशाना बनाने के लिए कर रही है तथा अपने ‘‘तानाशाही’’ व्यवहार से लोकतंत्र को शर्मसार कर रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार और हरियाणा की मनोहरलाल खट्टर सरकार, दोनों राजनीतिक बदले की भावना के साथ विपक्षी नेताओं को मनगढ़त मामलों में फंसाकर अपने राजनीतिक विरोधियों को निशाना बना रही है।’’