Amit Shah in Karnataka Puttur: कर्नाटक के पुत्तूर में शनिवार (11 फरवरी, 2023) को लोगों को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पीएफआई के 1700 सदस्यों को रिहा करने वाली पार्टी कभी भी राज्य की रक्षा नहीं कर सकती और यह केवल भाजपा ही कर सकती है।
अपने बयान में शाह ने कहा, ‘कांग्रेस ने पीएफआई के 1700 सदस्यों को रिहा कर दिया था और पीएम नरेंद्र मोदी ने पीएफआई पर प्रतिबंध लगा दिया। उन्होंने कहा कि देश विरोधी तत्वों को मजबूत करने वाली कांग्रेस पार्टी कभी कर्नाटक की रक्षा नहीं कर सकती।’ शाह ने कहा कि मैंने अभी कांतारा देखी है, कांतारा देख कर मुझे पता चला कि ये प्रदेश कितनी समृद्ध परंपराओं का है। देश में बहुत कम क्षेत्र हैं जहां के लोग विषम परिस्थिति के बाद भी खेती से देश को समृद्ध बनाते हैं।
आठ विधानसभा सीटों में से सात पर बीजेपी ने जीत हासिल की थी
अमित शाह ने पड़ोसी राज्य केरल की ओर इशारा कहा कि आपके (कर्नाटक) के पास केरल है। मैं बहुत कुछ नहीं कहना चाहता। यदि आप कर्नाटक को सुरक्षित रखना चाहते हैं, तो केवल बीजेपी ही ऐसा कर सकती है। केवल पीएम मोदी के नेतृत्व में कर्नाटक में बीजेपी सरकार ही ऐसा कर सकती है। तटीय क्षेत्र के दौरे पर आए शाह हनुमागिरी में धर्मश्री प्रतिष्ठान द्वारा निर्मित भारत माता मंदिर का भी उद्घाटन करेंगे। बीजेपी ने 2018 के चुनावों में दक्षिण कन्नड़ जिले की आठ विधानसभा सीटों में से सात पर जीत हासिल की थी।
8 साल में हरियाणा ने बहुत तरक्की की: अमित शाह
इससे पहले हरियाणा के सोनीपत में अपनी रैली में शाह ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि पिछले आठ साल में हरियाणा ने इतनी तरक्की की है और कांग्रेस के 70 साल के शासन में ऐसा नहीं हो सकता था। शाह ने कहा था कि आपने पिछले आठ वर्षों में हरियाणा में इतना विकास देखा है। हर क्षेत्र में भ्रष्टाचार कम हुआ है, कानून व्यवस्था में सुधार हुआ है और जातिवाद समाप्त हुआ है। आठ वर्षों में हरियाणा में इतना विकास हुआ है जो 70 साल में नहीं हो सकता था।