भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली इकाई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा प्रयुक्त ‘शब्दों’ पर कड़ी प्रतिक्रिया करते हुए आप सरकार में भ्रष्टाचार का खुलासा करने के लिए ‘पोल खोल’ अभियान चलाने की धमकी दी है।
दिल्ली भाजपा के प्रमुख सतीश उपाध्याय ने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ केजरीवाल द्वारा प्रयुक्त भाषा को भाजपा कार्यकर्ता अब बर्दाश्त नहीं करेंगे। हम ‘पोल खोल’ अभियान शुरू करेंगे और जनता को दिखाएंगे कि कैसे आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार मेंं लिप्त है और सचिवालय भ्रष्टाचार का गढ़ बन गया है।’

दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता ने केजरीवाल पर ‘भ्रष्ट’ अधिकारी का ‘बचाव’ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘सीबीआइ अकसर मामले दर्ज करती है और देश में भ्रष्ट लोगों के खिलाफ छापेमारी करती है, लेकिन यह पहली बार है जब कोई मुख्यमंत्री एक भ्रष्ट अधिकारी को बचाने आगे आया है।’ विधि के शासन का हवाला देते हुए गुप्ता ने आरोप लगाया कि कुछ लोग कानून से ऊपर होने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि दिल्ली की जनता इस ‘विचित्र परिस्थिति’ में खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।

एक संवाददाता सम्मेलन में उपाध्याय ने घोषणा की कि भाजपा बुधवार से दिल्ली में 48 घंटे का केजरीवाल सरकार द्वारा भ्रष्टाचार और उसको संरक्षण देने के खिलाफ जनता के बीच जाकर पोल-खोल अभियान चलाएगी। भाजपा कार्यकर्त्ता सुबह पार्कों में, दिन में बाजारों में, मेट्रो स्टेशनों के बाहर, प्रमुख मॉल्स के बाहर जनता के बीच केजरीवाल सरकार की पोल खोलेंगे।