भारतीय जनता पार्टी ने महाराष्ट्र में एमएलसी चंद्रशेखर बावनकुले को नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं, विधायक आशीष शेलार को मुंबई का जिलाध्यक्ष बनाया गया है।
बताया जा रहा है कि बीएमसी चुनाव को ध्यान में रखते हुए ये नियुक्तियां की गई हैं। ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। अब तक प्रदेश अध्यक्ष का पद चंद्रकांत पाटिल और मुंबई शहर की जिम्मेदारी मंगल प्रभात लोढ़ा के पास थी। जिसके बाद अब नए परिवर्तन के तहत दोनों को राज्य मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ये बदलाव किए हैं।
ओबीसी समुदाय के नेता हैं चंद्रशेखर: चंद्रशेखर बावनकुले महाराष्ट्र बीजेपी का जाना-माना चेहरा हैं। वह मौजूदा समय में एमएलसी हैं। वह ओबीसी समुदाय के नेता हैं इसलिए उनसे इस समुदाय में पार्टी के लिए समर्थन जुटाने की उम्मीद की जाएगी। वहीं दूसरी ओर आशीष शेलार की नियुक्ति सभी महत्वपूर्ण बीएमसी चयनों पर नजर रखने के लिए की गई है। आशीष शेलार वर्तमान में एक विधायक हैं। उद्धव ठाकरे सरकार में वह मुंबई से संबंधित मुद्दों को लेकर काफी सक्रिय रहे हैं।
18 विधायकों ने ली थी मंत्रीपद की शपथ: गौरतलब है कि शिंदे सरकार में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल और मुंबई अध्यक्ष मंगलप्रभात लोढ़ा को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। इसके साथ ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और मुंबई अध्यक्ष का पद खाली हो गया था, जिसके बाद अब चंद्रशेखर बावनकुले और आशीष शेलार को यह जिम्मेदारी सौंपी गयी है। एकनाथ शिंदे की अगुवाली वाली महाराष्ट्र सरकार ने 9 अगस्त 2022 को अपनी कैबिनेट का विस्तार किया था। इस विस्तार में कुल 18 विधायकों को मंत्रीपद की शपथ दिलाई गई थी। पहले चरण में किसी भी महिला विधायक को मंत्री बनने का मौका नहीं मिला।
मंत्रियों विजयकुमार गावित, गिरीश महाजन, गुलाबराव पाटिल, राधाकृष्ण विखे पाटिल, चंद्रकांत पाटिल, दादा भूसे, संजय राठौड, सुरेश खाड़े, संदीपन भुमरे, उदय सामंत, तानाजी सावंत, रवींद्र चव्हाण, अब्दुल सत्तार, दीपक केसरकर, अतुल सावे, शंभूराज देसाई, सुधीर मुनगंटीवार, मंगल प्रभात लोढ़ा ने शपथ ग्रहण की थी। हालांकि, किस मंत्री को क्या विभाग दिया जा सकता है, इसकी अधिकृत सूचना अब तक नहीं आई है।