बिहार में अब जेडीयू और आरजेडी के गठबंधन वाली सरकार है और नीतीश कुमार ने फिर से एक बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। वहीं नई सरकार में राज्य को नया उपमुख्यमंत्री मिला है। तेजस्वी यादव बिहार के नए उप मुख्यमंत्री बने हैं। हालांकि अभी कैबिनेट मंत्रियों ने शपथ नहीं ली है और तेजस्वी यादव दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और अपने पिता लालू यादव से कैबिनेट मंत्रियों पर चर्चा करने के लिए दिल्ली पहुंचे हैं।
वहीं कांग्रेस की विधायक प्रतिमा दास ने दावा किया है कि महागठबंधन को बनाने में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अहम भूमिका निभाई है। कांग्रेस विधायक प्रतिमा दास ने इंडिया टुडे चैनल से बात करते हुए कहा, “जिस तरह से मैडम सोनिया गांधी ने महागठबंधन और जदयू के बीच गठबंधन बनाने में मध्यस्थ की भूमिका निभाई, वह मुझे बहुत गौरवान्वित करता है। सोनिया गांधी ने राज्य की राजनीतिक स्थिति में हस्तक्षेप करके महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और राज्य में नई सरकार के गठन में मदद की।”
वहीं कैबिनेट गठन को लेकर कांग्रेस विधायक ने कहा कि यह फैसला आलाकमान पर है कि वह किसको मंत्री बनाते हैं। प्रतिमा दास ने कहा, “जहां तक मंत्री पद के बंटवारे का सवाल है, कांग्रेस नेताओं को यह फैसला पार्टी के शीर्ष अधिकारियों पर छोड़ देना चाहिए। एक लोकतांत्रिक व्यवस्था में सभी को बोलने का अधिकार है और पार्टी आलाकमान घटनाक्रम पर नजर रखे हुए है और वे अंतिम फैसला करेंगे।”
बता दें कि पीटीआई न्यूज़ ने सूत्रों के हवाले से जानकारी दी कि नीतीश कुमार ने बीजेपी-जेडीयू गठबंधन की सरकार में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के तुरंत बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और सांसद राहुल गांधी से फोन पर बातचीत की। इस दौरान नीतीश कुमार ने सोनिया गांधी को समर्थन देने के लिए धन्यवाद भी कहा।
आरजेडी नेता और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव दिल्ली में है और शाम 5:30 बजे बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करेंगे। इस मुलाकात में यह तय होगा कि कांग्रेस को राज्य में कितना मंत्री पद मिलेगा। वहीं तेजस्वी यादव अपने पिता से भी आरजेडी के हिस्से के मंत्री पद को लेकर चर्चा कर चुके हैं। लालू यादव भी खराब स्वास्थ के कारण दिल्ली में रहते हैं। माना जा रहा है कि 15 अगस्त के बाद बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार होगा।