Bihar BJP Politics: भाजपा के साथ गठबंधन तोड़ने के बाद जदयू ने आरजेडी के साथ बिहार में नई सरकार बना ली है। इस सरकार में नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री और तेजस्वी यादव ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। इस बीच भाजपा भी अपनी रणनीति बनाने पर काम कर रही है। बता दें कि दिल्ली में अमित शाह की अध्यक्षता में कोर कमेटी की मीटिंग हुई, जिसमें बिहार के सभी सीनियर नेता मौजूद रहे।
तीन घंटे चली इस बैठक में रणनीति बनाई गई कि आने वाले दिनों में किस तरह से जदयू-आरजेडी की सरकार को घेरा जाए। वहीं इंडिया टीवी से बात करते हुए बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा, “2014 में नीतीश कुमार के बिना हम लोगों ने 22 सीटें जीती थी। वहीं 2019 में हमने पांच सांसदों की कुर्बानी देकर गठबंधन बचाया था।”
संजय जायसवाल ने कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव में हम बिहार में 35 से अधिक सीटें जीतेंगे, अमित शाह ने इसके लिए प्लान बना लिया है। उन्होंने कहा, “पूरा बिहार हमसे इस बात से नाराज होता था कि आखिर आप क्यों इस व्यक्ति(नीतीश कुमार) को ढो रहे हैं। खुद ही इन्होंने जो रास्ता चुना है, उससे भाजपा को आगे बढ़ने में बहुत मदद मिलेगी।”
बता दें कि 16 अगस्त को नीतीश सरकार ने अपनी कैबिनेट का विस्तार किया। इसमें 31 मंत्रियों ने शपथ ली। जिसमें राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने अपनी “मुस्लिम-यादव-प्लस” की रणनीति को लागू किया तो वहीं जनता दल (यूनाइटेड) अपने विश्वसनीय ओबीसी-ईबीसी-दलित और उच्च जाति के कॉम्बिनेशन का फॉर्म्युला अपनाया।
बता दें कि 31 मंत्रियों में राजद के 16 और जद (यू) के 11 मंत्री हैं। इसमें पिछली राजद-जदयू सरकार के मंत्री बरकरार रहे। साथ ही दो कांग्रेस के हैं, एक हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) से है और एक निर्दलीय विधायक हैं। बता दें कि बिहार में मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम सहित अधिकतम 36 मंत्री हो सकते हैं, जिसमें अभी 33 हो गए हैं।
जेडीयू से मंत्री पद की शपथ लेने वाले विधायक:
जेडीयू की ओर से विजय चौधरी, विजेंद्र यादव, अशोक चौधरी, शीला मंडल, श्रवण कुमार, संजय झा, लेसी सिंह, जमा खान, जयंत राज, मदन सहनी और सुनील कुमार ने मंत्री पद की शपथ ली है।
आरजेडी के मंत्रियों की सूची:
तेज प्रताप यादव, अलोक मेहता, अनीता देवी, सुरेन्द्र यादव, चंद्रशेखर, ललित यादव, भाई वीरेन्द्र, रामानंद यादव, सुधाकर सिंह, सरबजीत कुमार, सुरेंद्र राम, इजराइल मंसूरी, शमीम अहमद, शाहनवाज आलम, समीर महासेठ और कार्तिक सिंह ने मंत्री पद की शपथ ली है।