बिहार में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान जारी है। इस चरण के तहत प्रदेश के 17 जिलों की 94 विधानसभा सीटों पर लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।

इन सब के बीच मुजफ्फरपुर जिले में बरुराज विधानसभा सीट पर एक बूथ ऐसा भी है जहां दोपहर तक एक भी मत नहीं पड़ा। विधानसभा के अंतर्गत आने वाले बिशुनपुर चुल्हाई गांव के लोगों ने इलाके में विकास कार्य नहीं होने से वोटिंग का बहिष्कार कर दिया। चुल्हाई बिशुनपुर गांव में बूथ संख्या 178 पर 729 मतदाता रजिस्टर्ड हैं। इनमें से दोपहर तक एक भी मतदाता वोट देने बूथ पर नहीं गया। वर्तमान में यह सीट राष्ट्रीय जनता दल के खाते में है।

पार्टी की तरफ से नंद कुमार राय विधायक हैं। साल 2015 में यहां महागठबंधन बनाम एनडीए के बीच मुकाबला था। ऐसे में राय ने भाजपा के अरुण कुमार सिंह को करीब 5000 मतों से हराकर यह सीट जीती थी। इस चुनाव में आरजेडी के नंद कुमार राय को 68011 वोट मिले थे। जबकि दूसरे नंबर पर रहे भाजपा के उम्मीदवार अरुण कुमार सिंह को 63102 वोटों से ही संतोष करना पड़ा था।

खास बात यह थी कि तीसरे नंबर पर सबसे ज्यादा वोट नोटा को पक्ष में गए थे। जनता ने 6208 वोट नोट के पक्ष में दिए थे। साल 2010 में यह सीट राजद के खाते में ही थी। इस साल ब्रज किशोर सिंह ने राजद की तरफ से यह सीट जीती थी। पार्टी ने इस बार भी नंद कुमार राय को ही उम्मीदवार बनाया है। इस बार भी उनका मुकाबला मुख्य रूप से भाजपा के अरुण कुमार सिंह से ही है।

मालूम हो कि आज जिन 94 विधानसभा क्षेत्र 17 जिलों पश्चिमी चम्पारण, पूर्वी चम्पारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, भागलपुर, नालंदा तथा पटना में में पड़ते हैं। इस चरण में कुल 1,463 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं जिनमें 146 महिला तथा एक ट्रान्सजेण्डर उम्मीदवार शामिल हैं।

इनके लिए कुल 2,85,50,285 मतदाता अपने मतों का इस्तेमाल कर सकेंगे। दूसरे चरण में प्रमुख उम्मीदवारों में विपक्षी महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव राघोपुर से और उनके बड़े भाई तेजप्रताप यादव हसनपुर से चुनावी मैदान में हैं।