Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस इस वक्त देश में भारत जोड़ो यात्रा निकाल रही है। जिसका नेतृत्व राहुल गांधी कर रहे हैं। वहीं कर्नाटक के झंडे पर राहुल गांधी की तस्वीर को लेकर बवाल खड़ा हो गया है। जिसको लेकर कई कन्नड़ समर्थक संगठनों ने कांग्रेस और कर्नाटक में भारत जोड़ो यात्रा का नेतृत्व कर रहे राहुल गांधी पर निशाना साधा है।

कन्नड़ समर्थक संगठनों ने कांग्रेस को कर्नाटक ध्वज पर पूर्व पार्टी प्रमुख की छवि का उपयोग नहीं करने की चेतावनी दी है। अनौपचारिक कन्नड़ ध्वज या कर्नाटक ध्वज पीले और लाल रंग की एक पट्टी है, जो कन्नड़ और कर्नाटक दोनों का प्रतीक है।

रविवार को मैसूर में पार्टी की यात्रा के दौरान कर्नाटक के झंडे लहराते देखे गए, जहां कर्नाटक के ध्वज पर राहुल गांधी की तस्वीरें छपी हुई थीं। झंडे पर राहुल गांधी की तस्वीर छपने के लिए कन्नड़ समर्थक समूहों ने कांग्रेस से माफी मांगने की भी मांग की है।

राजस्व मंत्री ने कन्नड़ ध्वज पर राहुल गांधी के फोटो की निंदा की

कर्नाटक के राजस्व मंत्री आर अशोक ने कहा, ‘मैं कन्नड़ ध्वज पर फोटो की निंदा करता हूं। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस नेता सिद्धारमैया सत्ता में थे, तब उन्होंने कर्नाटक ध्वज को बदल दिया। उस समय सभी कन्नड़ के लोगों ने विरोध किया था। उसके बाद उन्होंने इसे बदल दिया। अब राहुल गांधी की तस्वीर झंडे पर शर्म की बात है।’

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा सोमवार, 3 अक्टूबर को सुबह लगभग 6:30 बजे मैसूर शहर से फिर से शुरू हुई, इसके कुछ घंटे बाद राहुल गांधी ने यात्रा के दौरान भारी बारिश के बीच भाषण दिया। इस दौरान दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने बारिश में भीगते हुए राहुल गांधी के संबोधन को सुना। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए सोनिया गांधी कर्नाटक पहुंचीं

बता दें, 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा 624 किलोमीटर की दूरी तय कर चुकी है और कर्नाटक के मांड्या की ओर जा रही है। इस बीच सोनिया गांधी 6 अक्टूबर को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने कर्नाटक पहुंची हैं। यह पहली बार होगा जब मौजूदा कांग्रेस अध्यक्ष यात्रा में शामिल होंगी।

वहीं कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा एक महत्वपूर्ण चरण में प्रवेश कर गई है, क्योंकि राज्य में अगले साल चुनाव होने हैं। यह पहली बार है, जब यात्रा किसी भाजपा शासित राज्य से होकर गुजर रही है।