OP Rajbhar: सपा प्रमुख अखिलेश यादव और भारतीय जनता पार्टी से दूरी बना चुके ओपी राजभर कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हो सकते हैं। इस बारे में खुद सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) प्रमुख ओपी राजभर (Om Prakash Rajbhar) ने जानकारी दी है।
सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर (Om Prakash Rajbhar) ने गुरुवार को कहा कि उन्हें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खर्शीद का फोन आया था। राजभर ने कहा कि इसको लेकर वह पार्टी नेताओं से बात कर इस पर फैसला लेंगे कि वो कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगे कि नहीं होंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के साथ हमारी पूरी सहानुभूति है।
ओबीसी आरक्षण को लेकर सुभासपा प्रमुख ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा। राजभर ने कहा, अखिलेश यादव जो कह रहे हैं, वे पहले अपने गिरेबां में झांके कर देखें। जब उनकी सरकार थी तो चार सितंबर 2013 को हाई कोर्ट ने एक आदेश दिया। आदेश में कहा था कि 27 फीसदी जो पिछड़ों को आरक्षण लागू है। उसका लाभ 12 जातियां उठा रही हैं। आदेश में कहा कि जिसका जो हिस्सा है वो उसको दिया जाए। तब सपा की सरकार थी और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे।
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा सिर्फ तीन जनपदों से होकर गुजरेगी, लेकिन बीजेपी के तमाम विरोधी दलों को अपने साथ जोड़कर कांग्रेस यूपी में एक बड़ा संदेश देने की कोशिश में है। वहीं समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने इस यात्रा में शामिल होने से साफ इनकार कर दिया है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गुरुवार को कहा था कि उनको कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए कोई निमंत्रण नहीं मिला है। उन्होंने आरोप लगाया था कि कांग्रेस और बीजेपी की एक विचारधारा है, जबकि समाजवादी पार्टी की विचारधारा अलग है।
बता दें कि 3 जनवरी को कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा दिल्ली से लोनी बॉर्डर होते हुए उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जनपद में प्रवेश करेगी। इसके बाद अगले दिन 4 जनवरी को राहुल गांधी बागपत में यात्रा करेंगे और फिर शामली होते हुए हरियाणा में यह यात्रा प्रवेश करेगी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी उत्तर प्रदेश में लगभग 110 किमी. की दूरी तय करेंगे। कांग्रेस की इस यात्रा में यूपी कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है।