भारत और चीन के बीच सीमा पर बढ़ते तनाव का गुस्सा अब देशवासियों में बढ़ता जा रहा है। कई संगठनों ने आह्वान किया है कि चीन को सैन्य मोर्चे के साथ आर्थिक मोर्चे पर भी सबक सिखाना जरूरी है। इसी के मद्देनजर भारत में चीन के उत्पादों के बायकॉट का अभियान तक शुरू हो गया है। शनिवार को चीन के उत्पादों के बहिष्कार के एजेंडे के साथ भारतीय किसान यूनियन (भानू) और हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने चीनी मोबाइल कंपनी ओप्पो (Oppo) की ग्रेटर नोएडा स्थित फैक्ट्री के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने चीन के विरोध में नारे लगाए और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग का पुतला भी फूंका।
पुलिस ने फिलहाल 32 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। कहा गया है कि प्रदर्शनकारियों पर यह केस कोरोनावायरस महामारी के मद्देनजर भीड़ जुटाने के लिए किया गया है। बता दें कि योगी सरकार ने महामारी को रोकने के लिए प्रदेश भर में धारा 144 लागू कर रखी है। इसी के उल्लंघन के लिए प्रदर्शनकारियों पर केस हुआ है।
भारत-चीन सीमा तनाव पर हर जानकारी, क्लिक कर पढ़ें…
किसान यूनियन की तरफ से प्रदर्शन कर रहे एक व्यक्ति ने कहा कि चीन ने लद्दाख सीमा पर जो कुछ भी किया है, वह डरपोकों का काम था। हमारे 20 सैनिकों की शहादत हुई और कई अन्य घायल हुए। इसलिए हम चीनी उत्पादों का विरोध कर रहे हैं। हमने चीनी उत्पादों के साथ उनके राष्ट्रपति शी जिनपिंग और चीनी झंडे को भी आग लगाई। भारतीय किसान यूनियन के सभी कार्यकर्ता लड़ाई के लिए तैयार हैं। पूरे देश में चीन के खिलाफ गुस्सा है।
वहीं, प्रदर्शन में शामिल हिंदू रक्षा दल ने कहा कि देश लद्दाख में हुई जवानों की शहादत से दुखी है और इसीलिए हम इस प्रदर्शन में शामिल हुए। दल ने अपने बयान में कहा कि किसी भी भारतीय को ओप्पो के फोन नहीं खरीदने चाहिए और भारत सरकार को सभी चीनी कंपनियों को बंद कर देना चाहिए, ताकि चीन को सबक सिखाया जा सके और वे हमारे जवानों पर हमले से पहले सोचें।
गौतम बुद्ध नगर पुलिस का कहना है कि पुलिस ने हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष भूपेंद्र तोमर उर्फ पिंकी चौधरी पर केस दर्ज कर लिया है। इसके अलावा संगठन के जिला संयोजक प्रवीण कुमार का नाम भी एफआईआर में शामिल है। 30 अज्ञात लोगों पर भी ओप्पो कंपनी के गेट पर बिना प्रशासन की इजाजत के प्रदर्शन करने के लिए एफआईआर दर्ज की गई है। बताया गया है कि प्रदर्शनकारियों पर आईपीसी की धारा 188, 270 और धारा 279 के साथ एपिडेमिक डिजीज एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ है।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में लॉकडाउन के बाद से ही लोगों का जुटाव रोकने के लिए धारा 144 लगा दी गई थी। गौतम बुद्ध नगर पुलिस ने इसे 30 जून तक बढ़ाया है। लॉकडाउन के चलते ओप्पो की फैक्ट्री करीब दो महीने तक बंद रही। हालांकि, अब अनलॉक-1 के साथ ही कंपनी में काम दोबारा शुरू हो गया है।