Amit Shah: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Union Home minister Amit Shah) ने कर्नाटक (Karnataka) में मई, 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले ही जमीनी स्तर की तैयारियां शुरू कर दी हैं। शनिवार (31 दिसंबर, 2022) को बेंगलुरू (Bengaluru) में एक जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह (Amit Shah) ने कहा कि जेडीएस (JDS) से जुड़े लोग अफवाह फैला रहे हैं कि भाजपा उनके साथ गठबंधन करेगी। उन्होंने कहा कि मैं कर्नाटक (Karnataka) को स्पष्ट रूप से बताना चाहता हूं कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) अकेले चुनाव लड़ेगी और राज्य में सरकार भी बनाएगी।
जेडीएस (JDS) और कांग्रेस (Congress) पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा कि जेडीएस को वोट देना कांग्रेस को वोट देने जैसा है। शाह ने कहा कि कांग्रेस के लिए सत्ता हासिल करना भ्रष्टाचार करने का एक तरीका है, लेकिन हमारे लिए यह लोगों के जीवन को बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि हाल ही में 7 राज्यों के चुनावों में छह राज्यों में भारतीय जनता पार्टी ने जीत हासिल की है, जबकि छह राज्यों में कांग्रेस को बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा है।
दक्षिण में भाजपा की एंट्री का द्वार कर्नाटक: अमित शाह
अमित शाह ने कहा कि सारे देश के कार्यकर्ताओं का संकल्प है कि दक्षिण में कमल खिलना चाहिए। मैं कर्नाटक और बैंगलोर के कार्यकर्ताओं को बताना चाहता हूं कि दक्षिण में भाजपा की एंट्री का गेट कर्नाटक है।
अमित शाह ने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक
इससे पहले दिन में अमित शाह ने राज्य के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और अन्य पार्टी नेता जैसे राज्य के राजस्व मंत्री आर अशोक, गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र और भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सीटी रवि भी मौजूद थे। भाजपा पुराने मैसूर क्षेत्र में पैठ बनाने के लिए लगातार कोशि कर रही है, जो जनता दल (सेक्युलर) और कांग्रेस का पारंपरिक गढ़ माना जाता है।
शुक्रवार को पूर्व प्रधान मंत्री और जनता दल (एस) प्रमुख एचडी देवेगौड़ा के साथ मंच साझा करते हुए, अमित शाह ने पुराने मैसूरु क्षेत्र के हिस्से मांड्या जिले के मद्दुर तालुक में मेगा डेयरी संयंत्र का उद्घाटन किया था। उन्होंने कहा था कि राज्य में भाजपा के सत्ता में आने के बाद ही पीएफआई पर प्रतिबंध लगाया गया और इसके नेताओं को गिरफ्तार किया गया।