Congress On WFI Chief: दिल्ली में जंतर-मंतर पर भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष ब्रजभूषण सिंह (WFI president Brij Bhushan Sharan Singh) के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे खिलाड़ियों के समर्थन में अब कांग्रेस भी उतर आई है।

कांग्रेस ने गुरुवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भाजपा सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों पर अपनी ‘चुप्पी’ तोड़नी चाहिए। कांग्रेस ने पूछा कि इसमें शामिल लोगों के इस्तीफे अभी तक क्यों नहीं आए।

वहीं इस मुद्दे पर प्रियंका गांधी वाड्रा, जयराम रमेश और पवन खेड़ा समेत कई नेताओं ने बात की। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा, ‘हमारे खिलाड़ी देश का गौरव हैं। वे विश्व स्तर पर अपने प्रदर्शन से देश का नाम रोशन करते हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने डब्ल्यूएफआई और उसके अध्यक्ष पर शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं और उनकी आवाज सुनी जानी चाहिए।

कांग्रेस के संचार प्रभारी महासचिव रमेश ने कहा, ‘कुलदीप सेंगर, चिन्मयानंद, पिता-पुत्र की जोड़ी विनोद आर्य और पुलकित आर्य… और अब यह नया मामला! उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अत्याचार करने वाले भाजपा नेताओं की सूची अंतहीन है।’

उन्होंने ट्विटर पर कहा, ‘मिस्टर पीएम, क्या ‘बेटी बचाओ’ बीजेपी नेताओं से बेटियों को बचाने की चेतावनी थी? भारत जवाब का इंतजार कर रहा है।’ रमेश ने पूछा कि महिलाओं पर अत्याचार करने वाले सभी लोग भाजपा के क्यों हैं। रमेश ने कहा कि कल आपने (पीएम मोदी) कहा था कि पिछले आठ साल में खेलों के लिए एक बेहतर वातावरण बनाया गया है। क्या यह ‘बेहतर माहौल’ है, जिसमें देश का नाम रोशन करने वाली हमारी बेटियां भी असुरक्षित हैं।

खिलाड़ियों के साथ खेल मंत्रालय ने की थी मीटिंग

गुरुवार दोपहर पहलवानों की खेल मंत्रालय के साथ मीटिंग के बाद विनेश फोगाट ने कहा कि हमें कोई संतोषपूर्ण जवाब नहीं मिला है। हम WFI अध्यक्ष का इस्तीफा चाहते है। हम चाहते हैं कि WFI को भंग किया जाए। हम आज रात तक का इंतजार कर रहे हैं। हमें मजबूर किया गया तो हम FIR भी दर्ज करवाएं, बृजभूषण शरण सिंह को जेल में डलवाएंगे। उन्होंने कहा कि आज प्रदर्शन का दूसरा दिन है। हमें सरकार की तरफ से कोई भी संतोषजनक प्रतिक्रिया नहीं मिली है। हमें जान का भी खतरा है, हमने पुलिस का प्रोटेक्शन भी नहीं ली है। जब शोषण होता है तो एक कमरे में होता है, वहां कैमरे नहीं लगाए जाते हैं।

बजरंग पुनिया (Wrestler Bajrang Punia) ने मीडिया से बातचीत में कहा कि 5-6 महिला पहलवान हमारे साथ हैं जिनके साथ गलत व्यवहार हुआ है और हमारे पास सबूत भी हैं।