दिग्गज बॉलीवुड एक्टर और कांग्रेस नेता शत्रुघ्न सिन्हा एक टीवी कार्यक्रम में एंकर के सवाल-जवाब में फंसते हुए नजर आए। दरअसल टीवी चैनल न्यूज18 के कार्यक्रम में पहुंचे सिन्हा से एंकर ने ऐसे कई सवाल पूछे, जिनसे वो बचना चाहते थे। उनसे पूछा गया कि क्या वो भाजपा में वापसी करेंगे? उन्होंने इस सवाल का जवाब नहीं दिया और खामोश रहे।
एंकर ने पूछा कि पीएम नरेंद्र मोदी और वायनाड से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी में से अच्छा वक्ता कौन है? सिन्हा इस सवाल से बचते नजर आए और सवाल का जवाब नहीं देते हुए ‘खामोश’ की तख्ती दिखाई। कार्यक्रम में शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा भी मौजूद थीं। एंकर ने उनसे पूछा कि क्या शत्रुघ्न सिन्हा बॉलीवुड महानायक अमिताभ बच्चन से बेहतर कलाकार हैं। इसका जवाब में उन्होंने ‘हां’ में दिया। उन्होंने कहा, ‘हां मेरे लिए सिन्हा बच्चन से बेहतर कलाकार हैं।’
कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जुड़ा भी सवाल पूछा गया। एंकर ने सिन्हा से पूछा कि क्या नीतीश कुमार फिर बिहार के मुख्यमंत्री बनेंगे? इसका जवाब भी उन्होंने ‘खामोश’ का विकल्प चुनकर दिया। इसके बाद पूनम सिन्हा से पूछा कि क्या सिन्हा घर में खामोश रहते हैं? इसका जवाब शत्रुघ्न की पत्नी ने ना में दिया। उनसे यह भी पूछा गया कि लखनऊ में बॉलीवुड एक्टर ने सपा के पक्ष में प्रचार कर सही किया था? इसका जवाब भी उन्होंने हां में दिया। इसके तुरंत बाद एंकर ने पूनम सिन्हा पर एक और सवाल दागते हुए पूछा, ‘क्या शत्रुघ्न सिन्हा एक बार फिर भाजपा की तरफ पलटी मार सकते हैं?’ इसपर पूनम तपाक से बोलीं कि इसका जवाब शत्रुघ्न खुद देंगे। जवाब में सिन्हा ने एक बार फिर ‘खामोश’ तख्ती उठाई।
अपने इस जवाब में उन्होंने सफाई देते हुए कहा, ‘लड़की के बारे में कहा जाता है कि उसकी ना में संभावित हां होती है। अगर हां कह दे तो वो लेडी नहीं है।’ सिन्हा ने आगे कहा कि राजनीति में उल्टा होता है। राजनेता के बारे में कहते हैं कि अगर वो हां कर दे तो इसका संभावित मतलब ना होता है। और अगर राजनेता हां कह दे तो वो राजनेता किस काम का।
एंकर ने पूनम सिन्हा से मुश्किल सवाल पूछते हुए कहा क्या अखिलेश यादव राहुल गांधी से बेहतर नेता हैं। शत्रुघ्न सिन्हा के कहने पर उन्होंने इस सवाल का जवाब नहीं दिया और खामोश रहीं। इस दौरान सिन्हा ने ‘ना’ भी कहा।
एंकर ने शत्रुघ्न सिन्हा से पूछा क्या अखिलेश यादव एक बार फिर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बन सकते हैं? इसके जवाब में सिन्हा ने कहा, ‘हां बिल्कुल बन सकते हैं। वो काबिल नेता हैं और विकास भी किया है।’