प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 फरवरी को उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। पीएम मोदी महाराजा सुहेलदेव स्मारक का लोकार्पण करेंगे। यूपी के बहराइच में चित्तौरा झील तट पर करीब 45 करोड़ की लागत से महाराजा सुहेलदेव स्मारक का निर्माण कराया गया है। इसमें महाराजा सुहेलदेव की 40 फीट ऊंची कांस्य की प्रतिमा लगाई गई है।

कौन थे महाराजा सुहेलदेव?

महाराजा सुहेलदेव 11वीं सदी में श्रावस्ती के सम्राट थे। सुहेलदेव ने महमूद गजनवी के भांजे सालार मसूद को मारा था। राजभर और पासी जाति के लोग उन्हें अपना वंशज मानते हैं। पूर्वांचल के कई जिलों में इनका अच्छा खासा प्रभाव है। भाजपा और हिंदूवादी संगठन सुहेलदेव को हिंदू राजा के तौर पर चित्रित करते हैं।

स्मारक स्थल को संवारने का काम अंतिम चरण में है। इसका लोकार्पण 14 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां आकर करेंगे। इसकी तैयारियां जिला प्रशासन ने तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मोनिका रानी ने शुक्रवार को स्मारक स्थल पहुंचकर वहां का जायजा लिया। उन्होंने फरवरी के पहले सप्ताह तक बचे हुए कार्याें काे पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।

प्रधानमंत्री मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल महाराजा सुहेलदेव स्मारक के निर्माण पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी नजर बनाए हुए हैं। सिटी मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर ने बताया कि महाराजा सुहेलदेव स्मारक स्थल का लोकार्पण 14 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। उन्होंने कहा, “कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी भी शामिल होंगे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके साथ सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार किया जा रहा है।”

बता दें कि बहराइच क्षेत्र में महाराजा सुहेलदेव ने विदेशी आक्रांताओं का मुकाबला करते हुए वीरगति प्राप्त की थी। उनकी शौर्यगाथा से पूरे देश के लोगों को परिचित कराने के लिए केंद्र सरकार ने पर्यटन स्थल के रूप में महाराजा सुहेलदेव स्मारक का निर्माण कराया है।

(संजीव श्रीवास्तव के इनपुट से)