देश के ज्यादातर हिस्सों से मानसून की वापसी हो चुकी है। लेकिन आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में भारी बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त है। इस बीच मौसम विभाग ने तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में 15 अक्टूबर से 17 अक्टूबर के दौरान कई स्थानों पर बहुत भारी से अत्यंत भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने इसे लेकर अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण भारत में पोस्ट मानसून की बारिश होगी।
तेज बारिश की भविष्यवाणी
16 अक्टूबर को कराईकल, तमिलनाडु, रायलसीमा और पुडुचेरी में अलग-अलग स्थानों में तेज बारिश की भविष्यवाणी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार 14 से 17 अक्टूबर तक तमिलनाडु, कराईकल और पुडुचेरी में भारी बारिश होने की संभावना है। इसी तरह माहे और केरल में पूरे हफ्ते बारिश की उम्मीद की जा सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 15 से 16 अक्टूबर तक भारी बारिश होने का अनुमान है, जबकि रायलसीमा में 14 से 17 अक्टूबर तक बारिश हो सकती है। उत्तरी कर्नाटक में 17 और 18 अक्टूबर को भारी बारिश हो सकती है और तटीय और दक्षिण कर्नाटक में भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने गुजरात में भी भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाडा, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। महाराष्ट्र के मराठवाड़ा और विदर्भ क्षेत्र में भी बारिश हो सकती है।
मुंबई से न्यूयॉर्क जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी, दिल्ली किया गया डायवर्ट
दिल्ली में मानसून खत्म
वहीं मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में मानसून का दौर अब खत्म हो चुका है। हालांकि दिल्ली के कई इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि दिल्ली के लिए बारिश की चेतावनी नहीं जारी की गई है।
बिहार और उत्तर प्रदेश में मानसून खत्म हो चुका है। कई इलाकों में हल्की ठंड भी आ चुकी है और तापमान में भी गिरावट देखी गई है। हालांकि दिन में तापमान थोड़ा बढ़ सकता है और उमस महसूस हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार दिवाली और छठ के आसपास बिहार और उत्तर प्रदेश में ठंड बढ़ने की उम्मीद जताई गई है।