Weather forecast Today India : गुजरात के पूर्वी भागों में आज हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। वहीं सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्रों में फिलहाल हल्की बारिश होने की संभवना है। हालांकि गुजरात के कुछ क्षेत्रों में आठ से दस अगस्त के बीच भारी बारिश होने की संभावना है। इस साल मानसूनी सीजन में दक्षिण भारत के भागों में अबतक उम्मीद से बहुत कम बारिश हुई है। पूर्वी तटीय इलाकों सबसे ज्यादा मुश्किल स्थिति में हैं।

अगले चौबीस घंटों के दौरान उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना में अधिकाश जगहों पर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। मगर तमिलनाडु में मौसम फिलहाल शुष्क रहेगा। हालांकि एक दो स्थानों पर हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। फिलहाल दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में एक दो जगहों पर थोड़े समय के लिए बारिश का अनुमान है। मगर इन राज्यों के अधिकतर स्थानों पर आज ज्यादा बारिश होने की संभावना नहीं है।।

Live Blog

17:29 (IST)07 Aug 2019
हिमाचल में दो लोकों को बचाया गया

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में बादल फटने से अचानक आयी बाढ़ में फंसे दो लोगों को बुधवार को बचा लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी है।जिला पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि मारुति कार में दो लोग सवार थे और हल्लन बदग्रान में बादल फटने से अचानक आयी बाढ़ में नयी सब्जी मंडी के निकट कार बह गई। पुलिस और दमकल र्किमयों ने दोनों को बचा लिया। सिंह ने बताया कि दोनों लोग सुरक्षित हैं।उन्होंने कहा कि बादल फटने के बाद इलाके में पानी के अचानक तेज बहाव की जानकारी मिली है। संपत्ति के नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।

17:03 (IST)07 Aug 2019
मौसम में नमी

दिल्ली-एनसीआर में बुधवार सुबह से मौसम में नमी बनी हुई है और तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को हुई बारिश ने जगह-जगह जलजमाव की स्थिति उत्पन्न कर दी। विभिन्न जगहों पर लोगों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा।

15:06 (IST)07 Aug 2019
ओडिशाः भारी बारिश, यहां-यहां बाढ़ जैसी स्थितियां

बंगाल की खाड़ी में बुधवार को कम दबाव का क्षेत्र बन जाने के कारण ओडिशा के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई जिसके कारण कुछ इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई और ट्रेन सेवा प्रभावित हुई। रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अंबडोला स्टेशन पर एक मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए और पटरियों पर पानी जमा होने के कारण कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया या मार्ग परिर्वितत कर दिया गया।

विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) बी पी सेठी ने बताया कि दक्षिण ओडिशा के मलकानगिरि, रायगढा, कोरापुट, कंधमाल और गजपति जिलों में मूसलाधार बारिश से भारी वर्षा हुई। अधिकारियों ने बताया कि विशेषकर मलकानगिरी और रायगढा जिले बाढ़ जैसी स्थिति का सामना कर रहे हैं।

14:22 (IST)07 Aug 2019
सूबे में बाढ़ के हालात का सीएम ने लिया जायजा

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने अपने जनसंपर्क अभियान से समय निकालकर राज्य में बाढ़ के हालात का जायजा लेने के लिये यहां एक बैठक की अध्यक्षता की। सीएम कार्यालय (सीएमओ) की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को कोल्हापुर, सांगली, रायगढ़ और पालघर जिलों में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिये भोजन, पेयजल और अन्य जरूरी सामानों की आपूर्ति के लिये पर्याप्त इंतजाम करने का निर्देश दिया है।

राज्य के पश्चिमी हिस्सों में बीते कुछ दिनों में भारी बारिश हुई है, जिससे कई इलाकों में बाढ़ आ गई है। सीएमओ ने कहा कि सांगली जिले से करीब 53 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है जबकि 11,432 लोगों को कोल्हापुर और रायगढ़ से 3,000 लोगों को बचाया गया है।

13:52 (IST)07 Aug 2019
बाढ़ग्रस्त कोल्हापुर, सांगली से निकाले गए 50 हजार लोग

महाराष्ट्र के कोल्हापुर और सांगली जिलों में भारी बारिश से प्रभावित लोगों को सहायता मुहैया कराने के लिए भारतीय नौसेना की पांच बचाव टीमें काम पर लग गई हैं। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। पश्चिमी महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों में हुई भारी बारिश के कारण कोल्हापुर और सांगली बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।

कोल्हापुर में बाढ़ के कारण तीन गांवों के करीब 7,000 लोग फंसे हुए थे। हालांकि, मंगलवार को दोनों जिलों में 50,000 से अधिक लोगों को बाहर निकाला गया। एक रक्षा प्रवक्ता ने बताया, ‘‘इलाके में भारी बारिश के कारण प्रभावित स्थानीय लोगों की सहायता के लिए राज्य प्रशासन के आग्रह पर पश्चिमी नौसेना कमान की पांच टीमों को राहत कार्य में लगाया गया है।’’

13:16 (IST)07 Aug 2019
बिहार और पूर्वी यूपी के मौसम का हाल जानिए

बिहार में कुछ स्थानों पर और पूर्वी उत्तर प्रदेश में एक दो जगहों पर मानसूनी बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वोत्तर भारत के राज्यों जैसे सिक्किम और इससे सटे उप हिमालयी पश्चिम बंगाल के भागों में कुछ स्थानों पर हल्की और कहीं-कहीं मध्यम स्तर की बारिश होने का अनुमान है। मध्य भारत में भी डीप डिप्रेशन के चलते मानसून का अच्छा प्रदर्शन दिखेगा। जगदलपुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, देवास, बैतूल, इंदौर और भोपाल दक्षिणी छत्तीसगढ़ और दक्षिणी मध्य प्रदेश के अधिकांश इलाकों में मध्यम से भारी मानसूनी बौछारे होने का अनुमान है। कुछ इलाकों में मूसलाधार बारिश होने का भी अनुमान है।

12:10 (IST)07 Aug 2019
महाराष्ट्र के कोल्हापुर और सांगली बारिश से प्रभावित लोगों को बचाने में जुटी भारतीय नौसेना

महाराष्ट्र के कोल्हापुर और सांगली जिलों में भारी बारिश से प्रभावित लोगों को सहायता मुहैया कराने के लिए भारतीय नौसेना की पांच बचाव टीमें काम पर लग गई हैं। पश्चिमी महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों में हुई भारी बारिश के कारण कोल्हापुर और सांगली बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। कोल्हापुर में बाढ़ के कारण तीन गांवों के करीब 7,000 लोग फंसे हुए थे। मंगलवार तक दोनों जिलों में 50,000 से अधिक लोगों को बाहर निकाला गया। एक रक्षा प्रवक्ता ने बताया, ‘‘इलाके में भारी बारिश के कारण प्रभावित स्थानीय लोगों की सहायता के लिए राज्य प्रशासन के आग्रह पर पश्चिमी नौसेना कमान की पांच टीमों को राहत कार्य में लगाया गया है।’’

11:07 (IST)07 Aug 2019
बंगाल-ओडिशा-झारखंड के मौसम का हाल भी जानिए

बंगाल की खाड़ी पर बना डिप्रेशन अब डीप डिप्रेशन बन गया है और यह ओडिशा पर पहुंच गया है। इस सिस्टम के चलते गजपति, गंजम, रायगढ़ा और कालाहांडी जैसे दक्षिणी ओडिशा के जिलों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। इस भागों में तेज हवाएं भी चलती रहेंगी और कुछ इलाकों में बाढ़ जैसे हालात भी पैदा हो सकते हैं। मौसम से जुड़ी जानकारी देने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक ओडिशा के बाकी भागों के साथ-साथ कोलकाता, हावड़ा, मिदनापुर, जमशेदपुर और गुमला सहित गंगीय पश्चिम बंगाल और दक्षिणी झारखंड में भी कई जगहों पर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का भी अनुमान है।

10:50 (IST)07 Aug 2019
स्काईमेट: पुणे, वर्धा, नागपुर, नासिक और मुंबई के मौसम का हाल

मौसम से जुड़ी जानकारी देने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक पुणे, वर्धा, नागपुर, नासिक और मुंबई सहित महाराष्ट्र के लगभग सभी भागों पर कुछ स्थानों पर हल्की और कहीं-कहीं मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है।

10:40 (IST)07 Aug 2019
अगले 48 घंटे तक मौसम खराब होने के चलते मुंबई के लिए चेतावनी जारी

मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए मुंबई शहर के लिए चेतावनी जारी है। विभाग के मुताबिक इस दौरान अगल-अलग स्थानों पर भारी बारिश के साथ शहर और इसके आसपास के क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है।

09:25 (IST)07 Aug 2019
राजस्थान में बारिश का दौर जारी

राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी हिस्सों के कुछ स्थानों पर भारी बारिश, कई स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश और पश्चिमी हिस्सों के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई। राजधानी जयपुर में मंगलवार को दोपहर बाद दो घंटे तक बारिश होने से शहर की कई जगह निचले इलाकों में पानी भरने से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई स्थानों पर सड़क पर पानी भरने की वजह से राहगीरों और वाहन चालकों को खासी दिक्कतों का सामना करना पडा।

08:59 (IST)07 Aug 2019
वीडियो के जरिए अपने क्षेत्र के मौसम का हाल

08:02 (IST)07 Aug 2019
बारिश के कारण भूस्खलन से एक बस पर पत्थर गिरा, 6 की मौत

उत्तराखंड के चमोली जिले के लामबगड क्षेत्र में आज बारिश के कारण भूस्खलन से एक बस पर पत्थर गिर जाने से उसमें सवार श्रद्धालुओं समेत छह व्यक्तियों की मृत्यु हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। पहाड़ों पर लगातार बारिश के चलते नदियां भी उफान पहुंच गई हैं। चमोली के पुलिस अधीक्षक यशवंत चौहान ने बताया कि लामबगड में पहाड़ी से भूस्खलन के दौरान बड़े पत्थर वहां से यात्रियों को लेकर गुजर रही बस पर गिर गए जिससे छह व्यक्तियों की मौत हो गई तथा आठ अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि बस में यात्रा कर रहे ज्यादातर यात्री श्रद्धालु थे जो बदरीनाथ धाम के दर्शन कर वापस लौट रहे थे।