कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने विनेश फोगाट औऱ बजरंग पूनिया से मुलाकात के बाद तस्वीर X पर पोस्ट की है। उन्होंने इस तस्वीर के साथ X पर लिखा, “चक दे इंडिया, चक दे हरियाणा!” उन्होंने इसी पोस्ट में आगे लिखा, “दुनिया में भारत का नाम रौशन करने वाले हमारे प्रतिभाशाली चैंपियन विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया से 10 राजाजी मार्ग पर मुलाक़ात। हमें आप दोनों पर गर्व है।”

कांग्रेस में शामिल होने पर विनेश फोगाट ने क्या कहा? – विनेश फोगाट ने कहा कि बीजेपी बृजभूषण शरण सिंह का समर्थन कर रही है जबकि कांग्रेस ने प्रदर्शनकारी पहलवानों का साथ दिया और वह भी तब जब उन्हें दिल्ली में सड़कों पर घसीटा जा रहा था। उन्होंने कहा, “मैं देश के लोगों और मीडिया को धन्यवाद देती हूं, आपने मेरी कुश्ती यात्रा के दौरान मेरा समर्थन किया। मैं कांग्रेस पार्टी को धन्यवाद देना चाहती हूं। कहा जाता है कि बुरे समय में पता चलता है कि कौन अपना है। जब हमें सड़कों पर घसीटा जा रहा था, भाजपा को छोड़कर सभी दल हमारे साथ खड़े थे।”

विनेश और बजरंग के आने से हरियाणा में कांग्रेस को चुनाव में कितना सियासी फायदा हो सकता है?

विनेश के खड़गे से मिलने पर क्या बोले ज्ञानचंद गुप्ता?

ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि यह उनकी पर्सनल चॉइस है कि वो चुनाव लड़ना चाहती हैं या नहीं। विनेश फोगाट ने देश को गर्व महसूस करवाया है। बजरंग पूनिया भी बहुत अच्छे पहलवान हैं। खेल और राजनीति अलग-अलग चीजें हैं। अगर विनेश फोगाट ने यह फैसला कर लिया है कि उनका खेल का करियर पूरा हो चुका है तो हम उनके राजनीति में आने के फैसले का स्वागत करते हैं। हमें उम्मेद है कि वो दोनों सियासत के लिए कुछ अच्छा करेंगे।

अनिल विज बोले- विनेश ‘कांग्रेस की बेटी’ बनना चाहती हैं, हमें क्या आपत्ति

अनिल विज ने विनेश फोगाट के कांग्रेस में शामिल होने पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि अगर वह ‘देश की बेटी’ से ‘कांग्रेस की बेटी’ बनना चाहती हैं तो उन्हें क्या आपत्ति हो सकती है। हरियाणा के पूर्व गृह मंत्री ने कहा, “…अगर वो देश की बेटी से कांग्रेस की बेटी बनना चाहती है, तो हमें क्या ऐतराज है।” इससे पहले उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले दिन से ही इन खिलाड़ियों को अपने साथ लाने का प्रयास कर रही थी और उनकी शह पर ही पहलवानों ने दिल्ली में आंदोलन शुरू किया।