बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता नसीरुद्दीन शाह की बेटी पर अस्पताल में कर्मचारियों के साथ मारपीट का आरोप लगा है। आरोप है कि एक वेटनरी अस्पताल में हीबा शाह ने 2 डॉक्टरों के साथ मारपीट की है। इस घटना के बाद अस्पताल की तरफ से सीसीटीवी कैमरे का फुटेज जारी किया गया है। इस फुटेज में हीबा शाह अस्पताल कर्मचारियों के साथ मारपीट करती नजर आ रही हैं। इस वीडियो में नजर आ रहा है कि पीले रंग के कपड़े पहनी हीबा शाह, अस्पताल की दो महिला कर्मचारियों के साथ उलझ रही हैं और हाथापाई कर रही हैं।

घटना के बारे में बताया जा रहा है कि हीबा शाह वेटनरी कॉलेज में अपनी 2 बिल्लियों का इलाज कराने पहुंची थीं। यहां आने के बाद हीबा शाह को पांच मिनट इंतजार करने के लिए कहा गया। जिसके बाद वो अस्पताल कर्मियों पर भड़क गई। गुस्साई हीबा शाह ने अस्पताल की महिला कर्मचारियों के साथ हाथापाई की। यह पूरी घटना अस्पताल के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

यह वीडियो सामने आने के बाद भाजपा नेता प्रीति गांधी ने उनपर निशाना साधा है। प्रीति गांधी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा कि ‘हीबा शाह, ‘डरा हुआ मुसलमान’ अभिनेता नसीरुद्दीन शाह की बेटी कैमरे में दो डॉक्टरों की पिटाई करती नजर आई हैं। उनकी गलती है??…उन्होंने उनकी बिल्लियों को देखने से पहले उनसे 5 मिनट इंतजार करने के लिए कहा।’

बताया जा रहा है कि यह वीडियो मुंबई के किसी वेटनरी अस्पताल का है। यह घटना 16 जनवरी की है। इस दिन दोपहर 2 बजकर 50 मिनट पर हीबा अपनी बिल्लियों के साथ क्लिनिक पहुंची थीं। जिसके बाद उनकी यहां अस्पताल कर्मचारियों से मारपीट हुई थी। इस मामले में पुलिस ने हीबा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 23, 504 और 506 के तहत केस दर्ज किया है और मामले की जांच में जुट गई है।