यूपी उप-चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने घोसी विधानसभा सीट से सब्जी विक्रेता के बेटे विजय राजभर को उम्मीद घोषित किया है। चुनाव टिकट मिलने के बाद विजय ने मीडिया से कहा, ‘संगठन ने मुझे बड़ी जिम्मेदारी दी है। मुंसीपुरा के नजदीक फुटपाथ पर मेरे पिता सब्जी बेचते हैं। मैं सभी की उम्मीदों को पूरा करने की पूरी कोशिश करूंगा।’ विजय राजभर मूल रूप से मऊ शहर के सहादतपुरा मोहल्ले के निवासी हैं। साल 2015 में डीसीएसके कॉलेज से ग्रेजुएशन के बाद वह पूरी तरह से भाजपा की सक्रिय राजनीति में शामिल हो गए। इस दौरान दुर्ग विजय राय जब जिला अध्यक्ष बने तब उन्होंने अपनी जिला इकाई का महामंत्री विजय राजभर को बनाया। इससे पहले वह साल 2012 में नगर पालिका चुनाव में सहादतपुर मोहल्ले से निर्दलीय सभासद निर्वाचित हुए थे।

विजय के पिता नंद लाल राजभर ने कहा कि उनके बेटे को कड़ी मेहनत का फल मिला है। उन्होंने कहा, ‘मैं सब्जी बेचता हूं। मेरे बेटे को कड़ी मेहनत का फल मिला है। काबिल समझने पर पार्टी ने उसे चुनाव में टिकट दिया। यह अच्छा महसूस कराता है।’ इस बीच सपा ने भी पूर्व विधायक सुधाकर सिंह को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। घोसी तहसील क्षेत्र के मदापुर गांव निवासी सुधाकर सिंह नत्थूपुर विधानसभा क्षेत्र से 1997 में सपा से विधायक चुने गए थे।

सुधाकर सिंह को विधान परिषद चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने के आरोप में एक बार पार्टी से निष्कासित किया गया था। दूसरी बार भी इन्हें अनुशासनहीनता के आरोप में पार्टी से निकाला गया। हालांकि 2012 में इन्हें फिर से फिर से पार्टी में वापस ले लिया गया और उसी साल हुए चुनाव में इन्हें घोसी विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया गया।

बता दें कि भाजपा ने 13 राज्यों में होने वाले उप-चुनाव के चलते अपने 32 उम्मीदवारों की लिस्ट रविवार (29 सितंबर, 2019) को जारी की। उप-चुनाव 21 अक्टूबर को होने हैं और परिणाम 24 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। विजय के अलावा पार्टी ने गंगोह से किरत सिंह, रामपुर से भरत भूषण सिंह गुप्ता, इगलास से राजकुमार सहयोगी, लखनऊ छावनी से सुरेश कुमार तिवारी, गोविंदनगर से सुरेंद्र मेठानी, मानिकपुर से आनंद शुक्ला, जैदपुर से अंबरीश रावत, जबलपुर से राजेश सिंह और बलहा से सरोज सोनकर को टिकट दिया है।