केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी शनिवार (22 जून) को अपने संसदीय क्षेत्र उत्तर प्रदेश के अमेठी में थीं। यहां कार्यक्रम के दौरान एक महिला मंच पर चढ़ केंद्रीय मंत्री के पैरों में गिर गई और कहा कि उसके परिवार के ही सदस्य उसकी जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं। स्मृति ईरानी ने महिला की शिकायत को गंभीरता से लिया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। वीडियो में दिख रहा है कि एक महिला मंच पर चढ़ स्मृति ईरानी के पैरों में गिर जाती हैं और उन्हें अपनी समस्या के बारे में बताती है। स्मृति ईरानी महिला को उठाती हैं और गले लगा उसी समस्या को दूर करने का आश्वासन देती हैं। अपने सहयोगियों को महिला की मदद करने के लिए कहती हैं।
अमेठी में केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि नामदार लोग यहां से सांसद चुने जाने के बाद पांच साल लापता रहते थे और जनता यहां से दिल्ली तक चिराग लेकर उन्हें खोजती थी। स्मृति ने अपने दो दिवसीय अमेठी दौरे के पहले दिन एक जनसभा में राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘‘नामदार लोग यहां से सांसद चुन कर जाने के बाद पांच साल लापता रहते थे। अमेठी की जनता चिराग लेकर यहां से दिल्ली तक खोजती थी फिर भी नहीं मिलते थे।”
उन्होंने कहा कि इस बार अमेठी की जनता के फैसले की गूंज पूरी दुनिया में सुनाई दी है। अमेठी की जनता ने नामदारों की विदाई कर विकास को चुना है। एक सामान्य परिवार के सदस्य को अमेठी ने मौका दिया है। ‘‘पूरी ईमानदारी से सेवा करूंगी।’’ स्मृति ने कहा कि लोकतंत्र नामदारों के लिए नहीं है। इसका प्रमाण अमेठी ने दे दिया है। अमेठी के चार लाख लोगों ने कांग्रेस को वोट दिया है लेकिन ‘‘मैं विकास में कोई भेदभाव नहीं करूंगी। जिसने वोट दिया है और जिसने नहीं दिया, सबके साथ समान भाव से काम होगा।
#WATCH Amethi: A local woman falls at the feet of Union Minister Smriti Irani on the stage, complaining of land grabbing by family members. Smriti Irani took cognizance of the matter and assured the woman of action. pic.twitter.com/FwR3pKZ3MW
— ANI UP (@ANINewsUP) June 22, 2019
मंत्री ने बरौलिया के भाजपा नेता सुरेंद्ग सिंह की हत्या को बहुत ही दुखदायी बताया और कहा कि भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता सुरेंद्र सिंह के परिवार के साथ खडा है। स्मृति ईरानी आज गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के साथ लखनऊ से बरौलिया गांव पहुंचीं। दिवंगत भाजपा नेता सुरेन्द्र सिंह के परिजन से मुलाकात की। सिंह के अंतिम संस्कार में भी स्मृति शामिल हुई थीं।
स्मृति ने तिलोई विकास खंड कार्यालय परिसर में 25 लाख रूपये की लागत से बने राजा बहादुर मोहन सिंह सभागार का लोकार्पण किया। उन्होंने राजा विश्वनाथ शरण इंटर कालेज परिसर में आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में अमेठी के विकास से जुडी योजनाओं का शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के अमेठी जिले में चयनित 2117 लाभार्थियों को आवास की चाभी सौंपी। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने की। इस मौके पर प्रदेश सरकार के मंत्री मोहसिन रजा और विधायक मयंकेशवर शरण सिंह, गरिमा सिंह एवं अन्य भाजपा नेता मौजूद थे। (भाषा इनपुट के साथ)