सुशांत सिंह राजपूत मामले में एनसीबी ने सोमवार यानी 7 सितंबर को रिया चक्रवर्ती से करीब 8 घंटे तक पूछताछ की। हालांकि, रिया को एनसीबी ने अभी गिरफ्तार नहीं किया है। मीडिया में भी यह मामला लगातार सुर्खियों में बना है। वरिष्ठ पत्रकार अरणब गोस्वामी (Arnab Goswami) इस मामले पर लगातार महाराष्ट्र सरकार पर हमलावर हैं।

इस बीच उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वह खुद के मुंबई में रहने और कंगना रनौत को गाली देने पर गुस्सा हो रहे हैं। उनका कहना है, संजय राउत और शिवसेना ने उन पर कोई अहसान नहीं किया है। अरनब गोस्वामी ने रिपब्लिक भारत के शो ‘पूछता है भारत’ में कहा, ‘सुशांत के लिए इंसाफ मांगने वालों से बदला क्यों ले रही महाराष्ट्र सरकार? ऐसी भाषा जिसे मैं दोहरा नहीं सकता। ये गाली, कि …… ऐसी लड़की है। ऐसे बात करते हैं। क्या उद्धव ठाकरे को कंगना का अपमान मंजूर है? क्या इंसाफ मांगने वालों का अपमान आपको मंजूर है?

अरनब ने कहा, ‘सवाल पूछने वालों से क्यों डरी है महाराष्ट्र सरकार? उद्धव सरकार सवाल पूछने वालों से साम, दाम, दंड, भेद, हर तरीके अपना रही है।’ उन्होंने कहा, ‘जो बात मैंने संदीप सिंह से कही कि संदीप सिंह तुमने पीआर इंटरव्यू कर दिए न कल। मजा आ गया। अब मेरे चार रिपोर्टर के साथ वन टू वन बात करो। नहीं करोगे क्योंकि तुम डरपोक हो। और संजय राउत आप को है हिम्मत तो मेरे साथ वन टू वन बात करो। है हिम्मत, है हिम्मत, है हिम्मत संजय राउत।’

बता दें कि संजय राउत ने एक निजी चैनल से बातचीत में कंगना रनौत को नॉटी कहा था। हालांकि, अपने बयान को लेकर उन्होंने सफाई भी दी है। उनका कहना है कि उनके बयान का गलत मतलब निकाला गया। संजय राउत ने कहा था, ‘कंगना नॉटी है थोड़ी, मैंने देखे हैं उसके बयान वगैरह। वह अक्सर ऐसे बोलती रहती है। कंगना नॉटी गर्ल है। मेरी भाषा में मैं उसे बेईमान कहना चाह रहा था।’

साथ ही संजय राउत ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। राउत ने कहा, ‘फिल्म इंडस्ट्री तो 100 साल पुरानी है, कभी किसी ने यह नहीं कहा कि उसे मुंबई में असुरक्षित महसूस हो रहा है। एक लड़की के कहने से मुंबई पुलिस बुरी नहीं हो जाती। ये मुंबई पुलिस ही है जिसने शहर को अंडरवर्ल्ड से छुटकारा दिलाया।’ बता दें कि कंगना रनौत की सुरक्षा बढ़ाई गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से उन्हें Y सिक्यॉरिटी की सुरक्षा दी गई है।