SSR केस से जुड़े एक शो के दौरान शुक्रवार को Republic TV पर पत्रकार अरनब गोस्वामी शिवसेना चीफ संजय राउत पर जमकर गरजे। उन्होंने आरोप लगाया कि सुशांत केस की जांच को भटकाने का प्रयास हो रहा है। साथ ही शिवसेना नेता इस मामले में आरोपी रिया का समर्थन कर रहे हैं। अरनब ने इसी को लेकर दावा किया उनके पास राउत के पुराने कुछ टेप्स हैं।

उन्होंने कहा, “सुशांत के साथ खड़े लोगों को धमकी क्यों? सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या मुंबई और मराठी का मुद्दा उठाकर सुशांत केस की जांच को भटकाने की कोशिश हो रही है? रिया चक्रवर्ती का महाराष्ट्र के लोगों से क्या लेना-देना है? मुझे बताओ संजय राउत…आप इसे मराठी बनाम गैर-मराठी बना रहे हैं। क्या बात कर रहे हैं?”

बकौल अरनब, “रिया का आप समर्थन कर रहे हो। सीधे तौर पर इस बात को मानो। पहचानो। तुम्हारे सारे पुराने टेप्स मेरे पास हैं। तुम रिया का समर्थन कर रहे थे। तुम इसमें महाराष्ट्र के लोगों को क्यों खींच रहे हो? संजय राउत जी, सवाल आपसे पूछता है सारा भारत।”

दरअसल, मुंबई की तुलना पीओके से करने पर अभिनेत्री कंगना रनौत पर राउत ने शुक्रवार को निशाना साधा था। उन्होंने महाराष्ट्र सरकार से आग्रह किया कि नगर पुलिस को बदनाम करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही कंगना को पीओके की स्थिति देखने के लिए सबसे पहले वहां का दौरा करने के लिए कहा।

राउत ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा, ‘‘106 शहीदों के बलिदान के कारण मुंबई महाराष्ट्र का हिस्सा है। अगर वे लोग, जिनका शहर से कोई लेना-देना नहीं है, इसे और इसकी पुलिस को बदनाम करते हैं, तो राज्य सरकार और पुलिस बल के प्रभारी गृह मंत्री को कार्रवाई करनी चाहिए। अन्यथा पुलिस का मनोबल टूटेगा।’’ उन्होंने दावा किया कि मुंबई पुलिस की छवि खराब करने के पीछे एक साजिश है।

राउत ने कहा, ‘‘मैं नाम नहीं लूंगा। लेकिन मैं खोखली धमकियां नहीं देता। मुझे कार्रवाई में विश्वास है क्योंकि मैं शिव सैनिक हूं। राज्य के स्वास्थ्य विभाग और गृह विभाग को ऐसे मानसिक मामलों से निपटना चाहिए जो बढ़ रहे हैं। कानून के अनुसार कार्रवाई करें।” उन्होंने कहा, “यह झांसी की असली रानी का अपमान है जो महाराष्ट्र की बहादुर बेटी थीं।” उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद को निचले स्तर पर ले जाया गया है।

इस बीच रनौत ने एक ट्वीट में कहा कि उन्होंने नौ सितंबर को मुंबई की यात्रा करने का फैसला किया है। वह अभी मनाली में हैं। बता दें कि कंगना ने हाल ही में एक ट्वीट में सवाल किया था, “मुंबई, पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर की तरह क्यों लग रहा है?” उन्होंने एक सितंबर की एक समाचार रिपोर्ट को भी टैग किया था जिसमें संजय राउत ने कथित तौर पर कहा था कि अगर वह नगर की पुलिस से डरती हैं तो उन्हें वापस मुंबई नहीं आना चाहिए। (भाषा इनपुट्स के साथ)