बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद मुंबई की फिल्म इंडस्ट्री के साथ ड्रग कनेक्शन के मुद्दे पर सोमवार को नई दिल्ली में संसद के बाहर BJP सांसद रूपा गांगुली ने विरोध प्रदर्शन किया। सिने जगत पर भड़कते हुए उन्होंने कहा- मुंबई फिल्म इंडस्ट्री किसी को मारेगी। किसी को गांजा पिलाएगी। किसी को कोकेन पिलाएगी और बोल देगी सुशांत सिंह ने आत्महत्या की। यहां लड़कियों को अपमानित किया जाता है और मुंबई पुलिस इस पर कोई एक्शन नहीं लेती।

Bharatiya Janata Party की सांसद के पास इस दौरान कुछ प्लेकार्ड्स (तख्तियां) थीं, जिन पर हिंदी और बांग्ला में लिखा हुआ था- मुंबई फिल्म इंडस्ट्री और कितने मर्डर कराएगी? ये इंडस्ट्री और कितनी लड़कियों की इज्जत लूटेगी? कितने बच्चों की जिंदगी ड्रग्स में डुबा देगी? क्यों 50 फीसदी खराब लोगों के कारण बाकी लोग भी बदनामी सहें?

समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में उन्होंने कहा- पायल घोष द्वारा अनुराग कश्यप पर लगाए गए यौन शोषण के आरोपों पर आखिरकार बॉलीवुड शांत चुप्पी क्यों साधे है? क्यों मुंबई पुलिस कश्यप के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करती है?

बता दें कि एक्ट्रेस पायल घोष ने जाने-माने फिल्म डायरेक्टर अनुराग कश्यप पर यौन शोषण के आरोप लगाए हैं। हालांकि, फिल्ममेकर ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। कहा है- ये आरोप पूरी तरह से गलत, बेबुनियाद और छवि खराब करने के लिए लगाए गए हैं।

NCB ने श्रुति मोदी और जया साहा से कहा था- 21 सितंबर को पेश होंः सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जुड़े मादक पदार्थ पहलू की जांच कर रहे ‘नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो’ (एनसीबी) ने अभिनेता की पूर्व प्रबंधक श्रुति मोदी और उनकी ‘टैलेंट मैनेजर’ जया साहा को सोमवार 21 सितंबर को एजेंसी के कार्यालय में पेश होने के लिये कहा है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। एनसीबी के विशेष जांच दल के एक सदस्य के कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद इससे पहले 16 सितंबर को श्रुति से पूछताछ टल गयी थी। (भाषा इनपुट्स के साथ)