Delhi Lok Sabha Chunav: दिल्ली में लोकसभा चुनाव से पहले CPP चेयरपर्सन सोनिया गांधी ने दिल्ली वासियों में भावुक अपील की है। कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आपका हर एक वोट रोज़गार बनाएगा, महंगाई कम करेगा, महिलाओं को सशक्त करेगा और एक सुनहरे भविष्य में समता और बराबरी का भारत बनाएगा।

सोनिया गांधी ने कहा, ‘ मेरे प्यारे दिल्ली वासियों, यह एक बहुत महत्वपूर्ण चुनाव है। यह चुनाव देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने का चुनाव है।’

उन्होंने आगे कहा कि यह चुनाव बेरोज़गारी, महंगाई, संवैधानिक संस्थाओं पर आक्रमण जैसे मुद्दों पर लड़ा जा रहा है। आपको इस लड़ाई में अपनी भूमिका निभानी है। आपका हर एक वोट रोज़गार बनाएगा, महंगाई कम करेगा, महिलाओं को सशक्त करेगा और एक सुनहरे भविष्य में समता और बराबरी का भारत बनाएगा।

सोनिया गांधी ने कहा कि मैं आपसे अपील करती हूं कि कांग्रेस और INDIA गठबंधन के उम्मीदवारों को दिल्ली की सातों सीटों पर भारी मतों से विजयी बनाइए।

इससे पहले हरियाणा के पानीपत में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि हिंदुस्तान किसानों का देश है। इस देश की आत्मा में किसान हैं। इंदिरा गांधी जी आपके लिए हरित कांति लेकर आई थीं, जिससे किसान आत्मनिर्भर बने। वहीं, नरेंद्र मोदी आपके लिए काले कानून लेकर आए, जिसके खिलाफ आप महीनों तक दिल्ली बॉर्डर पर बैठे रहे। लेकिन नरेंद्र मोदी समेत BJP का एक भी नेता आपको देखने तक नहीं आया।

प्रियंका गांधी ने कहा कि ये महाभारत की धरती है। यहां से हमें भगवत गीता की सीख मिली है। इसने हमें अन्याय और अधर्म के खिलाफ लड़ना सिखाया है। खेल का मैदान हो, जंग का मैदान हो या खेत-खलिहान हो.. हरियाणा के लोग अपना खून-पसीना लगाकर खूब मेहनत करते हैं।

राहुल गांधी ने दिल्लीवासियों से कहा कि आज गरीब परिवार के लोगों को ठेकेदारी प्रथा पर लगाया जा रहा है। जिनमें अधिकतर लोग दलित, पिछड़े और आदिवासी वर्ग से आते हैं। इसलिए कांग्रेस ने गारंटी दी है- हम सरकारी नौकरी और PSUs में ठेकेदारी प्रथा बंद कर देंगे। हम बापू के दिखाए रास्ते पर चलकर अन्याय को हराएंगे। संविधान की रक्षा करेंगे, लोकतंत्र को बचाएंगे। बता दें, दिल्ली की सभी सातों सीटों पर छठे चरण में 25 मई को वोटिंग होगी। नतीजे 4 जून को होंगे।