शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। कुछ दिन पहले ही संजय राउत ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर गंभीर आरोप लगाए थे। संजय राउत ने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री कार्यालय से राज्य की जेलों में बंद खतरनाक अपराधियों से डीलिंग की जा रही है। इस मामले का अब मुंबई पुलिस ने संज्ञान लिया है।

मुंबई क्राइम ब्रांच ने संजय राउत को जारी किया नोटिस

मुंबई क्राइम ब्रांच ने संजय राउत को एक नोटिस जारी किया है और उनके द्वारा लगाए गए आरोपों को लेकर सबूत जमा करने के लिए कहा है। मुंबई पुलिस ने अपने बयान में कहा कि जैसे ही संजय राउत सबूत जमा करेंगे, उसके बाद हम मामले की जांच करेंगे। मुंबई पुलिस ने कहा की संजय राउत के आरोपों पर जिनमे उन्होंने सीएम ऑफिस से राज्य की जेलों में बंद क्रिमिनल्स के साथ साठगांठ का आरोप लगाया है, उसको लेकर नोटिस जारी किया गया है।

संजय राउत ने सीएम कार्यालय पर आरोप लगाते हुए कहा था कि चुनाव से पहले खतरनाक अपराधियों को बाहर लाने की कोशिश की जाएगी। इसके अलावा संजय राउत ने यह भी कहा था कि वह जल्द ही इस मामले में सबूत पेश करेंगे। संजय राउत ने कहा था कि कुछ अपराधियों को जमानत पर बाहर लाने की कोशिश शुरू भी हो गई है और इनमें से कई 302 के तहत जेल में बंद हैं। लेकिन इन्हें भी बाहर लाने का प्रयास किया जा रहा है।

इसके अलावा संजय राउत ने राज्य के गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस पर भी निशाना साधा था। उन्होंने कहा था जब इतनी बड़ी घटना हो रही है तो गृह मंत्री और गृह मंत्रालय क्या कर रहा है। उन्होंने कहा था कि देवेंद्र फडणवीस को इस बात पर गुस्सा होना चाहिए। मैं जनता का प्रतिनिधि हूं, इसलिए राजनीति बाद में करूंगा। देवेंद्र फडणवीस एक संवैधानिक पद पर हैं और उनका कर्तव्य है कि वे जांच करवाएं।

मुख्यमंत्री कार्यालय में अंडरवर्ल्ड गिरोह बैठा है- संजय राउत

संजय राउत ने कहा था कि मुख्यमंत्री कार्यालय से जेल अपराधियों के साथ संवाद चल रहा है और इसकी जानकारी जल्द ही दूंगा। जेलों में मोबाइल फोन का इस्तेमाल हो रहा है। मुख्यमंत्री कार्यालय पर नज़र रखने की जरूरत है, क्योंकि मुख्यमंत्री कार्यालय में अंडरवर्ल्ड गिरोह बैठा है।