Row over Congress Campaign To Unite India: कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के पोस्टर में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ राबर्ट वाड्रा की तस्वीर लगी होने पर भाजपा ने तंज कसते हुए कहा है कि यह परिवार जोड़ो यात्रा है। दरअसल राबर्ट वाड्रा ने एक ट्वीट किया है, जिसमें एक पोस्टर पर गांधी परिवार के साथ उनकी भी तस्वीर है। दीवार पर इस तस्वीर को चिपकाते हुए कार्यकर्ता भी ट्वीट में दिखाई दे रहा है।

इस ट्वीट पर भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कमेंट करते हुए लिखा, “कांग्रेस भारत जोड़ो वास्तव में केवल परिवार जोड़ो और भ्रष्टाचार जोड़ो यात्रा है। अगर आपको कोई संदेह हो तो आप यहां देख सकते हैं।” उन्होंने कहा, “देश कर्तव्य पथ पर है और कांग्रेस ‘गुलामी का परिवार पथ’ पर है। यह भारत जोड़ो नहीं बल्कि परिवार को जोड़ो यात्रा है। यह पदयात्रा नहीं बल्कि ‘पद’ के लिए यात्रा है।”

इससे पहले असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने भी कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा पर टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा, “भारत जुड़ा हुआ है। कश्मीर से कन्याकुमारी तक एक देश है। हम लोग जुड़े हुए हैं। 1947 में देश का बंटवारा हुआ था, तब पाकिस्तान अलग देश बना था। अगर राहुल गांधी के मन में कोई माफी है तो उन्हें पाकिस्तान को भारत में जोड़ने की कोशिश करनी चाहिए और पाकिस्तान से भारत जोड़ो यात्रा निकालनी चाहिए। भारत में भारत जोड़ो करने का कोई मतलब नहीं है।”

अशोक गहलोत ने कहा एकता के लिए लड़ने का संकल्प है यात्रा

हालांकि दूसरी तरफ राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने कहा है कि राहुल गांधी ने भारत की एकता के लिए लड़ने का संकल्प लिया है। यात्रा के दौरान देश को एकजुट करने तथा शांति और सद्भाव का संदेश फैलाया जाएगा।

यात्रा की शुरुआत करने के लिए तमिलनाडु पहुंचे राहुल गांधी ने बुधवार की सुबह अपने पिता के स्मारक स्थल पर पहुंचे और कहा, नफरत और बंटवारे की राजनीति में मैंने अपने पिता को खो दिया। मैं अपने प्यारे देश को इसमें नहीं खोऊंगा। प्यार नफरत को जीत लेगा। आशा डर को हरा देगी। हम सब मिलकर मात देंगे। 

कांग्रेस पार्टी बुधवार से कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा निकाल रही है। अपनी यात्रा के दौरान कांग्रेस पार्टी 3570 किमी की दूरी तय करेगी और इस दौरान कुल 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से गुजरेगी। कांग्रेस पार्टी की यह भारत जोड़ो यात्रा पांच महीने में पूरी होगी।यात्रा की शुरुआत पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने तमिलनाडु के कन्याकुमारी से की।