कड़ाके की सर्दी पड़ने से पहले भारत में अधिकतम आतंकियों की घुसपैठ कराने की पाकिस्तानी सेना की लगातार कोशिशों के जवाब में भारतीय सेना पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में संदिग्ध आतंकी ठिकानों पर ‘पिन प्वाइंट स्ट्राइक’ कर रही है। सुरक्षा प्रतिष्ठान से जुड़े सूत्रों ने यह जानकारी दी। इस सूचना के बाद रिपब्लिक भारत के डिबेट ‘शो पूछता है भारत’ में भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की खूब तारीफ की। उन्होंने कहा कि फिर से साबित हुआ है कि 56 इंच की छाती कैसी होती है।

डिबेट में भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि आज फिर से सिद्ध हो गया कि 56 इंच की छाती क्या होती है। भारत माता की जय कहने में कैसे गर्व होता है। मोदी सरकार ने दिखा दिया सशक्त नेतृत्व क्या होता है। भारतीय सेना ने दुश्मनों को घुसकर मारा है। उनकी इस टिप्पणी पर पाकिस्तानी पैनलिस्ट कमर चीमा भड़क गए। उन्होंने चीन का जिक्र कर कहा कि पीएम मोदी चीन के खिलाफ एक शब्द भी नहीं कह पाते। मोदी सरकार घबरा गई है। बकौल चीमा मोदी मजनू बन गए हैं। नरेंद्र मोदी साहब दाढ़ी रखकर मजनू बन गए हैं।

इधर गौरव भाटिया ने उन्हें निशाने पर लेते हुए गीदड़ की तरह बताया। उन्होंने कहा कि भारत की जवाबी कार्रवाई से पाकिस्तानी पीएम इमरान खान कांप रहे हैं। आर्मी प्रमुख कमर जावेद बाजवा से गले लगकर रो रहे हैं। वो रो रहे हैं, उनसे खुद को मोदी से बचाने की भीख मांग रहे हैं  कि शेर आ गया। मैं गीदड़ हूं। मुझसे गलती हो गई।

उल्लेखनीय है कि सीमा पार आतंकवाद के हाल के प्रयासों के संदर्भ में सूत्रों ने कहा कि पाकिस्तान में ‘डीप स्टेट’ (पर्दे के पीछे छद्म रूप से काम करने वाली सरकारी शक्तियां) ने आतंकवाद रोधी निगरानीकर्ता ‘एफएटीएफ’ की निगरानी से बचने और उसके साथ ही जम्मू कश्मीर में अशांति को हवा देने के लिए आतंकवादियों की मदद के उद्देश्य से संतुलन साधने की कोशिश की है।

सेना ने कहा कि गुरुवार को उसके द्वारा सर्जिकल स्ट्राइक किए जाने संबंधी कयासपूर्ण खबरें ’13 नवंबर को हुए संघर्षविराम उल्लंघन के विश्लेषण पर आधारित हैं। नियंत्रण रेखा पर आज कोई गोलीबारी या संघर्षविराम का उल्लंघन नहीं हुआ।’