दिल्ली एनसीआर में दो दिन की बारिश के बाद शुक्रवार को आसमान साफ रहा, जिससे ठंड से कुछ राहत मिली। हालांकि न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान औसत से चार डिग्री नीचे 18 .5 डिग्री दर्ज किया गया। कई हिस्सों में कोहरा भी छाया रहा। जिससे पालम में सुबह नौ बजे तक विजिबिलिटी शून्य रही।
भारतीय मौसम विभाग ने कहा है कि तीन फरवरी को दिल्ली व इससे सटे हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं चार फरवरी को दिल्ली के नजदीकी हरियाणा और उत्तर प्रदेश में बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है। पांच फरवरी से दिल्ली एनसीआर में बारिश की गतिविधियां कम होने लगेंगी और छह फरवरी तक मौसम लगभग साफ हो जाएगा। दिल्ली में शुक्रवार सुबह घना कोहरा छाया रहा और न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो इस मौसम के औसत से एक डिग्री कम है।
वहीं पालम में दिन चढने पर भी घना कोहरा इतना घना था कि विजिबिलिटी शून्य रही। साथ ही पालम दिल्ली में सबसे ठंडा स्थान रहा। जहां अधिकतम तापमान औसत से छह डिग्री नीचे 16.1 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा आयानगर में पारा औसत से पांच डिग्री नीचे 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रिज में यह औसत से चार डिग्री नीचे 18.5 डिग्री रहा। गुरूग्राम में पारा 15.9 व 07.1 डिग्री रहा। जो एनसीआर में सबसे ठंडा स्थान रहा।
तापमान औसत से नीचे भले दर्ज हुआ लेकिन दिन में धूप खिलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली। लोगों ने धूप के गुनगुने अहसास से राहत महसूस की। वहीं दिन चढ़ने पर कोहरा भी कुछ हल्का हुआ और पालम में विजिबिलिटी सुधरी तो 25 मीटर तक आई। वहीं सफदरजंग में यह 50 मीटर रही। हवाई पट्टी पर सुधार के पाद यह 300 से 500 मीटर तक आई।
हालांकि कोहरे के कारण हवाई व रेल यातायात पर असर पड़ा है। उत्तर रेलवे ने एक जारी बयान में बताया कि ‘बहुत घने’ कोहरे के कारण 23 ट्रेन देरी से चल रही हैं। दिल्ली एनसीआर के उत्तर प्रदेश व हरियाणा के कुछ हिस्सों में सुबह के दौरान घने से बहुत घने कोहरे की स्थिति जारी रह सकती है।
विभाग द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी की वायु गुणवत्ता सुबह नौ बजे 178 रही जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आती है। वायु गुणवत्ता सूचकांक गुरूवार को 177 था। मौसम विभाग ने शनिवार को दिन में बादल छाए रहने और घने से मध्यम स्तर का कोहरा रहने का पूर्वानुमान जताया है।