Ram Vilas Paswan Death: देश के प्रमुख दलित नेताओं में से एक केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान का राजकीय सम्मान के साथ आज अंतिम संस्कार किया जाएगा। केंद्रीय कानून एवं विधि मंत्री रविशंकर प्रसाद पटना में होने वाले अंतिम संस्कार में केंद्र सरकार और केंद्रीय मंत्रिपरिषद का प्रतिनिधित्व करेंगे। पासवान का पार्थिव शरीर आज दोपहर 12.30 बजे उनके पटना के निवास स्थान कृष्णा पुरी से जनार्दन घाट (दीघा) लाया जाएगा जिसके बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

लोजपा के संस्थापक और उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री पासवान कई सप्ताह से अस्पताल में भर्ती थे। हाल ही में उनके हृदय की सर्जरी हुई थी। पासवान के पार्थिव शरीर को शुक्रवार शाम पटना ले जाया गया, जिसके बाद विधानसभा और पार्टी ऑफिस में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान बीजेपी नेता सुशील मोदी, केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद नेता तेजस्वी यादव समेत कई अन्य बड़े नेता मौजूद रहे।

बिहार के मुख्य मंत्री नीतीश कुमार ने दुख व्यख्त करते हुए कहा कि रामविलास पासवान जी के निधन से हम सभी दुखी हैं। उन्होंने युवा अवस्था से ही सेवा का काम किया है। हम उन्हें श्रद्धांजलि देते हैं। कामना करते हैं कि उनके जो काम हैं उनको लोग याद रखेंगे।

पासवान के निधन के बाद रेल मंत्री पीयूष गोयल को शुक्रवार को उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया। राष्ट्रपति भवन से जारी एक वक्तव्य में शुक्रवार को बताया गया कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परामर्श पर गोयल को मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है।

Live Blog

08:12 (IST)10 Oct 2020
पांच दशक लंबे राजनीतिक करियर में पासवान हमेशा केन्द्र की सभी सरकारों में शामिल रहे

समाज के वंचित तबके से जुड़े लोगों के मुद्दे उठाने में सबसे आगे रहने वाले पासवान जमीनी स्तर के मंझे हुए ऐसे नेता थे, जिनके संबंध सभी राजनीतिक दलों और गठबंधनों के साथ हमेशा मधुर बने रहे। पांच दशक लंबे राजनीतिक करियर में वह हमेशा केन्द्र की सभी सरकारों में शामिल रहे।

07:52 (IST)10 Oct 2020
पासवान का चयन पुलिस सेवा में हो गया था

खगड़िया में 1946 में जन्मे पासवान का चयन पुलिस सेवा में हो गया था लेकिन उन्होंने अपने मन की सुनी और राजनीति में चले आए। पहली बार 1969 में वह संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी की टिकट पर विधायक निर्वाचित हुए। वह आठ बार लोकसभा के सदस्य चुने गए और उन्होंने कई बार हाजीपुर संसदीय सीट से सबसे ज्यादा मतों के अंतर से जीतने का रिकॉर्ड अपने नाम किया।

07:21 (IST)10 Oct 2020
कई नेताओं ने पासवान के पार्थिक शरीर पर पुष्ण अर्पित किए और श्रद्धांजलि दी

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित राज्य के कई नेताओं ने पासवान के पार्थिक शरीर पर पुष्ण अर्पित किए और श्रद्धांजलि दी। एयरपोर्ट पर जब उनका पार्थिक शरीर पहुंचा तो बेटे चिराग पासवान परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मौजूद थे। एयरपोर्ट पर भी नेताओं ने श्रद्धांजलि दी बाद में उनके पार्थिक शरीर को विधानसभा ले जाया गया।

06:18 (IST)10 Oct 2020
पासवान के निधन से दलितों ने अपनी एक बुलंद आवाज खो दी : मुलायम

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के संस्­थापक अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने शुक्रवार को कहा कि केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान के निधन से दलितों ने अपनी एक बुलंद आवाज खो दी है।

05:37 (IST)10 Oct 2020
पासवान की पुत्री ने पार्थिव शरीर आने पर पटना हवाईअड्डे में प्रवेश से मना करने पर हंगामा किया

केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान का पार्थिव शरीर शुक्रवार को पटना आने पर उनकी प्रथम पत्नी की पुत्री और दामाद ने हवाईअड्डे पर उस समय हंगामा किया, जब उन्हें दिवंगत नेता के अंतिम दर्शन करने के लिये अंदर प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी गई।

04:34 (IST)10 Oct 2020
नीतीश, सुशील मोदी, तेजस्वी ने पासवान को दी श्रद्धांजलि

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी और केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने शुक्रवार की देर शाम यहां लोजपा संस्थापक रामविलास पासवान को श्रद्धांजलि अर्पित की। कुमार पासवान के पार्थिव शरीर को लेने के लिए पटना हवाई अड्डे पर मौजूद थे। कुमार और अन्य नेताओं ने हवाई अड्डे परिसर में पासवान को श्रद्धांजलि अर्पित की। पासवान का बृहस्पतिवार को दिल्ली में निधन हो गया था।

03:37 (IST)10 Oct 2020
एयरपोर्ट पर बेटी-दामाद नहीं दे सके राम विलास पासवान काे श्रद्धांजलि

अपने दिवंगत पिता केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान का अंतिम दर्शन करने एयरपोर्ट पहुंचीं उनकी बेटी आशा देवी और दामाद अनिल कुमार साधु व पूर्व सांसद पप्पू यादव को बाहर ही रोक दिया गया। इसको लेकर अनिल ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने मीडिया से कहा कि बेटी को अपने पिता का दर्शन करने नहीं दिया जा रहा है।  

00:54 (IST)10 Oct 2020
राम विलास पासवान के निधन पर समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने जताया शोक

केंद्रीय मंत्री और लोकजशक्ति पार्टी के नेता राम विलास पासवान के निधन पर राजनीतिक दलों समेत समाज के सभी वर्गों ने शोक जताया है। उनका अंतिम संस्कार आज पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

22:42 (IST)09 Oct 2020
नीतीश कुमार बोले - रामविलास पासवान की मौत से हम सभी दुखी
20:43 (IST)09 Oct 2020
पासवान के निधन पर मुलायम बोले- दलितों ने अपनी एक बुलंद आवाज खो दी

उत्‍तर प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री व समाजवादी पार्टी के संस्‍थापक अध्‍यक्ष मुलायम सिंह यादव ने शुक्रवार को कहा कि केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान के निधन से दलितों ने अपनी एक बुलंद आवाज खो दी है। मुलायम ने शुक्रवार को जारी एक शोक संदेश में कहा कि पासवान का निधन उनकी व्‍यक्तिगत और अपूरणीय क्षति है। उनके सांसद पुत्र चिराग पासवान और पूरे परिवार को इस शोक को सहने की शक्ति मिले यही मेरी श्रद्धांजलि और प्रार्थना है। उन्होंने शोक संदेश में कहा, “समाजवादी आंदोलन से राजनीति में आये लोकनायक जयप्रकाश नारायण की संपूर्ण क्रांति के नेता, देश के प्रमुख दलित नेता, मेरे घनिष्‍ठ मित्र और केंद्र सरकार में सहयोगी रहे राम विलास पासवान के निधन से बहुत दुखी और मर्माहत हूं।”

19:27 (IST)09 Oct 2020
केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने रामविलास पासवान के देहांत पर शोक व्यक्त किया

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री रामविलास पासवान के निधन पर शोक व्यक्त किया। प्रचलित परंपरा के अनुसार, मंत्रिमंडल ने एक प्रस्ताव पारित किया, जिसमें लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक और बिहार के दिग्गज दलित नेता के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। मंत्रिमंडल ने कहा, ‘‘उनके निधन से, राष्ट्र ने एक प्रमुख नेता, एक प्रतिष्ठित सांसद और एक सक्षम प्रशासक खो दिया है।’’ इसमें कहा गया है कि पासवान, समाज के पीड़ित तबके की आवाज थे। वह समाज के वंचित तबके के लिये आवाज उठाते रहे। इसमें कहा गया है, ‘‘मंत्रिमंडल सरकार और पूरे देश की ओर से शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता है।’’ एक सरकारी बयान में कहा गया कि पासवान की स्मृति में मंत्रिमंडल ने दो मिनट का मौन रखा। मंत्रिमंडल ने पासवान को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की भी मंजूरी दी। 

17:18 (IST)09 Oct 2020
पासवान के पार्थिव शरीर को उनके आवास से दिल्ली एयरपोर्ट ले जाया जा रहा है

दिवंगत नेता रामविलास पासवान के पार्थिव शरीर को उनके आवास से दिल्ली एयरपोर्ट ले जाया जा रहा है। यहां से उनके पार्थिव शरीर को विमान से पटना लाया जाएगा, जहां पर शनिवार को उनका अंतिम संस्कार होगा।

17:17 (IST)09 Oct 2020
शाह ने पासवान के किए अंतिम दर्शन, श्रद्धांजलि दी

गृह मंत्री अमित शाह ने केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के राजधानी स्थित सरकारी आवास पहुंचकर शुक्रवार को उनके अंतिम दर्शन किए और उन्हें श्रद्धांजलि दी। पासवान ने बृहस्पतिवार शाम राजधानी के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। देश के प्रमुख दलित नेताओं में शुमार पासवान 74 वर्ष के थे। लोजपा के संस्थापक और उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री पासवान कई सप्ताह से यहां के एक अस्पताल में भर्ती थे। हाल ही में उनके दिल का ऑपरेशन हुआ था। पासवान के पार्थिव शरीर को उनके सरकारी आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है।

16:55 (IST)09 Oct 2020
पीयूष गोयल ने श्रद्धांजलि दी

दिवंगत नेता रामविलास पासवान को श्रद्धांजलि देने के लिए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल उनके आवास पर पहुंचे। पासवान के निधन के बाद गोयल को ही उपभोक्ता, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मामलों के मंत्री का प्रभार सौंपा गया है।

16:25 (IST)09 Oct 2020
मनोज तिवारी ने राम विलास पासवान के आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी

उत्तर पूर्वी दिल्ली से बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने राम विलास पासवान के आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। गुरुवार की देर शाम लोजपा के संस्थापक पासवान ने अंतिम सांस ली थी।

15:34 (IST)09 Oct 2020
देश ने एक महान दलित एवं समाजवादी नेता खो दिया

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन पर दुख प्रकट करते हुए कहा कि पासवान एक कुशल प्रशासक थे, जिनके जाने से देश ने एक महान दलित एवं समाजवादी नेता खो दिया है। पासवान के पुत्र चिराग पासवान को भेजे शोक संदेश में सिंह ने 2004-09 के दौरान संप्रग की पहली सरकार में पासवान के बतौर मंत्री काम करने एवं उनके साथ अपने जुड़ाव को याद किया।

14:49 (IST)09 Oct 2020
बिहार भारत और दलित राजनीति को इससे अपूरणीय क्षति हुई है

लोजपा नेता सह केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने शोक-संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि बिहार भारत और दलित राजनीति को इससे अपूरणीय क्षति हुई है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें और उनके परिवार के सदस्यों को इस महान पीड़ा को सहने की शक्ति प्रधान करें।

14:26 (IST)09 Oct 2020
पीयूष गोयल को उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया


केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन के बाद अब केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। राष्ट्रपति भवन ने एक प्रेस रिलीज जारी कर इस बात की जानकारी दी है।

13:48 (IST)09 Oct 2020
भागलपुर सांसद अजय कुमार मंडल ने गहरी संवेदना व्यक्त की

लोजपा के संस्थापक सह भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन पर भागलपुर सांसद अजय कुमार मंडल ने गहरी संवेदना व्यक्त की है. सांसद ने कहा कि बिहार प्रांत ने लोकप्रिय नेता को खो दिया है, उनकी कमी खलेगी। सांसद ने पूरे अंग प्रदेश की तरफ से शोक संवेदना व्यक्त की।

13:27 (IST)09 Oct 2020
राष्ट्रपति भवन और संसद भवन पर तिरंगे को आधा झुकाया गया

केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के सम्मान में राष्ट्रपति भवन और संसद भवन पर तिरंगे को आधा झुकाया गया। गृह मंत्रालय ने कहा है कि केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन पर शोक स्वरूप शुक्रवार को दिल्ली समेत सभी राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों की राजधानी में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। उनके अंतिम संस्कार के दिन भी ध्वज झुका रहेगा।

12:57 (IST)09 Oct 2020
शोक व्यक्त करते हुए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने लिखा

पासवान के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने लिखा है, ‘‘केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन से देश ने एक दूरदर्शी नेता खो दिया है। उनकी गणना सर्वाधिक सक्रिय तथा सबसे लंबे समय तक जनसेवा करने वाले सांसदों में की जाती है। वे वंचित वर्गों की आवाज़ मुखर करने वाले तथा हाशिए के लोगों के लिए सतत संघर्षरत रहने वाले जनसेवक थे।’’

12:22 (IST)09 Oct 2020
पीएम ने चिराग के कंधे पर हाथ रखकर ढांढस बंधाया

रामविलास पासवान को श्रद्धांजलि देने पहुंचे पीएम नरेन्द्र मोदी ने उनके बेटे चिराग पासवान के कंधे पर हाथ रखकर ढांढस बंधाया। इस दौरान रामविलास पासवान की पत्नी भी वहां पर मौजूद थीं।

12:05 (IST)09 Oct 2020
इंडिगो विमान से 5 बजे दिल्ली से पटना रवाना होगा पासवान का पार्थिव शरीर

देश के प्रमुख दलित नेताओं में से एक केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान का बृहस्पतिवार को निधन हो गया। वह 74 वर्ष के थे। इंडिगो विमान से 5 बजे दिल्ली से पटना रवाना होगा पासवान का पार्थिव शरीर। केंद्र सरकार के प्रतिनिधि के तौर पर आईटी मंत्री रविशंकर प्रसाद साथ में आएंगे। कल सुबह होगा अंतिम संस्कार।

11:29 (IST)09 Oct 2020
पासवान को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए प्रधान मंत्री उनके आवास पर पहुंचे

केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी उनके आवास पर पहुंचे। उन्होंने रामविलास पासवान के परिवार से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी, इस दौरान वे चिराग पासवान से भी मिले और उनसे बात की। 

11:00 (IST)09 Oct 2020
बिहार विधानसभा में भी रखा जायेगा पार्थिव शरीर

शनिवार को दीघा के जनार्दन घाट पर होगा अंतिम संस्कार। सुबह 10 बजे राजकीय सम्मान के साथ होगी अंत्येष्टि, बिहार विधानसभा में भी रखा जायेगा पार्थिव शरीर, शाम 5 बजे दिल्ली से पटना रवाना होगा पार्थिव शरीर।

10:31 (IST)09 Oct 2020
रामविलास पासवान के प्रति मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का रवैया ठीक नहीं

चिराग ने अपने पिता के अपमान का जिक्र करते हुए लिखा कि राज्य सभा चुनाव के दौरान एलजेपी के संस्थापक और उनके पिता रामविलास पासवान के प्रति मुख्यमंत्री का रवैया ठीक नहीं था। चिराग पासवान ने दावा किया कि पिछले वर्ष उन्होंने उनके राज्यसभा की उम्मीदवारी का समर्थन करने से इंकार कर दिया था, जिसके बाद मुख्यमंत्री को मनाने के लिए रामविलास पासवान उनसे मिलने के लिए बाध्य हुए थे। उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री ने जिस तरीके से हमारी पार्टी के संस्थापक रामविलास पासवान का अपमान किया उससे एलजेपी के नेता आहत और गुस्से में हैं।"

09:53 (IST)09 Oct 2020
पिता का हुआ अपमान, मुझे कहा 'कालिदास, दलाल', कैसे आ सकता था संग?- लीक हुआ BJP चीफ को लिखा LJP के चिराग पासवान का लेटर

चिराग ने अपने पिता के अपमान का जिक्र करते हुए लिखा कि राज्य सभा चुनाव के दौरान एलजेपी के संस्थापक और उनके पिता रामविलास पासवान के प्रति मुख्यमंत्री का रवैया ठीक नहीं था। पढ़ें पूरी खबर 

09:45 (IST)09 Oct 2020
क्या बोले पीएम मोदी?

प्रधानमंत्री ने कहा, पासवान ‘‘कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर राजनीति में ऊपर आए। युवा नेता के रूप में आपातकाल के दौरान उन्होंने निरंकुशता और हमारे लोकतंत्र पर प्रहार का विरोध किया था। वह उत्कृष्ट सांसद और मंत्री थे, जिन्होंने विभिन्न नीतिगत क्षेत्रों में चिरस्थायी योगदान दिया है।’’

मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘पासवान जी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करना अभूतपूर्व अनुभव था। मंत्रिमंडल की बैठकों के दौरान उनके हस्तक्षेप हमेशा गहन सोच वाले और व्यावहारिक हुआ करते थे। राजनीतिक बुद्धिमत्ता से लेकर सुशासन तक, वह हर बात में विलक्षण थे। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदनाएं। ओम शांति।’’ केन्द्रीय मंत्रिमंडल के सहयोगियों, मुख्यमंत्रियों और राज्यपालों सहित तमाम नेताओं ने पासवान के निधन पर शोक जताया।

09:40 (IST)09 Oct 2020
पुलिस सेवा के लिए पासवान का हो गया था चयन पर...

खगड़िया में 1946 में जन्मे पासवान का चयन पुलिस सेवा में हो गया था लेकिन उन्होंने अपने मन की सुनी और राजनीति में चले आए। पहली बार 1969 में वह संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी की टिकट पर विधायक निर्वाचित हुए। वह आठ बार लोकसभा के सदस्य चुने गए और कई बार हाजीपुर संसदीय सीट से सबसे ज्यादा वोटों के अंतर से जीतने का रिकॉर्ड अपने नाम किया।

09:06 (IST)09 Oct 2020
जीमीनी स्तर के मंझे हुए नेता थे रामविलास पासवान

समाज के वंचित तबके से जुड़े लोगों के मुद्दे उठाने में सबसे आगे रहने वाले पासवान जीमीनी स्तर के मंझे हुए नेता थे जिनके संबंध सभी राजनीतिक दलों और गठबंधनों के साथ हमेशा मधुर बने रहे। अपने राज्य के प्रति उनके समर्थन के कारण पांच दशक लंबे राजनीतिक करियर में वह हमेशा केन्द्र की सभी सरकारों में शामिल रहे।

वह 1989 से अपने अंतिम समय तक जनता दल से लेकर, कांग्रेस और भाजपा नीत राजग जैसी भिन्न और विपरीत विचाराधाओं वाली सरकारों का हिस्सा रहे हैं। पासवान का गठबंधन सहयोग चाहे कोई भी रहा हो, उन्होंने हमेशा गर्व के साथ स्वयं को समाजवादी और धर्मनिरपेक्ष बताया। वह वी. पी. सिंह, एच. डी. देवे गौड़ा, इन्द्र कुमार गुजराल, अटल बिहारी वाजपेयी, मनमोहन सिंह और वर्तमान में नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में मंत्री रहे हैं।

08:54 (IST)09 Oct 2020
सियासी गलियारों में छाया मातम का माहौल, बिहार के मंंत्री ने कहा...
08:14 (IST)09 Oct 2020
आज सभी राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों की राजधानियों में तिरंगा आधा झुका रहेगा

अधिकारियों ने बताया कि केन्द्रीय मंत्री के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए शुक्रवार को केन्द्रीय मंत्रिमंडल की बैठक बुलायी गयी है। केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने बृहस्पतिवार देर रात घोषणा की कि केन्द्रीय मंत्री पासवान के निधन पर उनके सम्मान में शुक्रवार को दिल्ली, सभी राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों की राजधानियों में तिरंगा आधा झुका रहेगा। केन्द्रीय मंत्री का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया, ‘‘दिल्ली और राज्यों तथा केन्द्र शासित प्रदेशों की राजधानियों में, जहां हमेशा तिरंगा लहराता है, वहां नौ अक्टूबर को और उनके अंतिम संस्कार वाले दिन, जहां उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) आधा झुका रहेगा।’’ केन्द्रीय मंत्री पासवान का निधन उनके गृह राज्य बिहार में 28 अक्टूबर से तीन चरणों में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले हुआ है।