अयोध्या में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम पूरा हो चुका है। अब कल से आम आदमी भी राम मंदिर दर्शन के लिए जा सकता है। इस कार्यक्रम में देशभर से कई बड़ी नामी हस्तियां पहुंची हैं। देशभर में राम मंदिर के निर्माण को लेकर खुशी का माहौल है। भारत के कोने-कोने से श्री राम में आस्था रखने वाले लोग खुशी जता रहे हैं। खुशी का माहौल सिर्फ भारत ही में नहीं बल्कि अमेरिका सहित कई देशों में देखा जा रहा है।

इसका एक उदाहरण मुंबई पहुंचे इजरायली महावाणिज्य दूत के बयानों से भी लगाया जा सकता है। वह मुंबई के वडाला में श्री राम मंदिर पहुंचे थे। जहां उन्होंने कहा कि वह यहां आकर काफी खुश हैं।

मंदिर की तस्वीर शेयर कर दी शुभकामनाएं

इजरायली महावाणिज्य दूत कोबी शोशानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा,”मैं जल्द ही अयोध्या आने का इंतजार कर रहा हूं। आज मैंने मुंबई के वडाला में ऐतिहासिक श्री राम मंदिर का दौरा किया।” बता दें कि इससे पहले भारत में इजराइल के राजदूत नाओर गिलोन ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की एक तस्वीर शेयर करके रामभक्तों को इस ऐतिहासिक पल के लिए शुभकामनाएं दी थीं।

आज प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के बाद अब कल से आम लोग भी राम मंदिर के दर्शन कर सकेंगे। माना जा रहा है कि बड़ी तादाद में विदेशी यात्री भी अयोध्या पहुंच सकते हैं। इजरायल से पहले भी भारत के लिए इस तरह के संदेश आते रहे हैं। इजरायली महावाणिज्य दूत कोबी शोशानी भी जल्द ही अयोध्या की यात्रा कर सकते हैं।

इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी श्री राम जन्मभूमि मंदिर में श्री रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल हुए। पीएम मोदी ने एक ट्वीट कर लिखा, “अयोध्या धाम में श्री राम लला की प्राण प्रतिष्ठा का दिव्य क्षण हर किसी के लिए एक भावनात्मक क्षण है। इस अनूठे कार्यक्रम का हिस्सा बनना मेरा सौभाग्य है। जय सियाराम।”