Rajya Sabha Elections: राज्यसभा की 15 सीटों के लिए आज मतदान होगा। जिन राज्यों में वोटिंग होनी है उनमें उत्तर प्रदेश की 10, कर्नाटक की चार और हिमाचल प्रदेश की एक सीट शामिल है। उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में क्रास वोटिंग का डर बना हुआ है। हिमाचल में कांग्रेस प्रत्याशी की जीत लगभग फाइनल मानी जा रही है। मतदान सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा, जबकि चुनाव का रिजल्ट देर रात तक आने की संभावना है।
क्रॉस वोटिंग की आशंका को लेकर भाजपा और समाजवादी पार्टी यूपी में कोई गलती नहीं करना चाहती हैं। उत्तर प्रदेश में आठवें प्रत्याशी संजय सेठ को जिताने में कहीं कोई कमजोरी न हो, इसे ध्यान में रखते हुए भाजपा ने विधायकों के नाम व्हिप जारी किया है। एनडीए के सभी विधायक आज सरकार के आठ मंत्रियों के कक्ष में जुटेंगे।मतदान के लिए पांच-पांच की टोली बनाई गई है। इनके साथ एक-एक प्रभारी की ड्यूटी भी लगाई गई है।
राज्यसभा चुनाव से एक दिन पहले सोमवार रात को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा बुलाई गई पार्टी विधायकों की बैठक में आठ विधायक शामिल नहीं हुए। इन विधायकों की अनुपस्थिति को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।
कर्नाटक में राज्यसभा चुनाव से एक दिन पहले कांग्रेस ने सभी विधायकों को एक होटल में स्थानांतरित कर दिया। राज्य में पांच उम्मीदवार – अजय माकन, सैयद नसीर हुसैन और जी.सी. चंद्रशेखर (सभी कांग्रेस), नारायण बंदगे (भाजपा) और कुपेंद्र रेड्डी (जनता दल सेक्युलर) मैदान में हैं। ‘क्रॉस वोटिंग’ की आशंकाओं के बीच सभी पार्टियों ने आज होने वाले मतदान के लिए अपने विधायकों को व्हिप जारी किया है।
बता दें, 15 राज्यों में राज्यसभा की 56 सीटें खाली हैं। इनमें से 12 राज्यों की 41 राज्यसभा सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिए गए हैं। यूपी की 10 सीटों के लिए 11 तो कर्नाटक की 4 सीटों के लिए 5 उम्मीदवार हैं। हिमाचल की 1 सीट पर भी 2 उम्मीदवार हैं, लेकिन यहां कांग्रेस के पास संख्याबल है। ऐसे में यहां मुकाबला कड़ा होने की बहुत ज्यादा उम्मीद नहीं है।
चुनाव के लिए 8 फरवरी, 2024 को नोटिफिकेशन जारी हुआ था, जिसके बाद 15 फरवरी तक उम्मीदवारों को नामांकन देने की मोहलत दी गई थी।16 फरवरी को नॉमिनेशंस की स्क्रूटनी की गई थी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख 20 फरवरी थी। राज्यसभा के सदस्यों को सीधे तौर पर जनता नहीं चुनती है। वे विधायकों के जरिए चुने जाते हैं।