राज्यसभा चुनावों के लिए बीजेपी और कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया। कांग्रेस और बीजेपी दोनों दलों ने कई चौंकाने वाले नामों का ऐलान किया। कांग्रेस की ओर से G-23 के किसी भी सदस्य के नाम का ऐलान नहीं किया गया है। तो वहीं हरियाणा से भी पार्टी ने चौंकाने वाले नाम का ऐलान किया। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला को राजस्थान से पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है। वहीं पार्टी के प्रवक्ता पवन खेड़ा को लिस्ट में जगह नहीं मिली है।
उम्मीद्वारों के ऐलान के बाद पार्टी के प्रवक्ता पवन खेड़ा ने ट्वीट करते हुए निराशा व्यक्त की। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि शायद मेरी तपस्या में कोई कमी रह गई होगी। उन्होंने पार्टी के खिलाफ या किसी का नाम नहीं लिया। लेकिन उनके ट्वीट से ऐसा ही प्रतीत होता है कि पार्टी के फैसले वो निराश हैं। वहीं सोमवार सुबह उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, “मुझे पहचान कांग्रेस ने दी है। मैं अपनी इस बात से सहमत भी हूँ और इस पर अडिग भी हूँ।”
वहीं कांग्रेस नेत्री और मुंबई कांग्रेस की उपाध्यक्ष नगमा ने ट्वीट करते हुए लिखा, “सोनिया जी हमारी कांग्रेस अध्यक्ष ने 2003/04 में मुझे राज्यसभा में भेजने के लिए व्यक्तिगत रूप से वादा किया था, जब मैं उनके कहने पर कांग्रेस पार्टी में शामिल हुई थी, तब हम सत्ता में नहीं थे। तब से 18 साल हो गए हैं। जबकि इमरान प्रतापगढ़ी को महाराष्ट्र से पार्टी राज्यसभा भेज रही है। मैं खुद से पूछ रही हूं, क्या मैं कम योग्य हूं?”
हरियाणा से राज्यसभा चुनाव के लिए अजय माकन के नाम ने राजनीतिक गलियारों में कई लोगों को चौंका दिया है। इतना ही नहीं कांग्रेस ने हरियाणा के पूर्व मंत्री रणदीप सिंह सुरजेवाला को राजस्थान से नामित करने का फैसला किया है। जाहिर तौर पर उनके गृह राज्य में यह गुटबाजी से बचने का एक प्रयास है। जबकि भाजपा ने पूर्व मंत्री कृष्ण लाल पंवार को नामित किया है।
कैप्टन अभिमन्यु, राम बिलास शर्मा, ओम प्रकाश धनखड़ और विपुल गोयल जैसे वरिष्ठ नेताओं के नाम भारतीय जनता पार्टी के संभावित उम्मीदवारों के रूप में चर्चा में थे। जबकि कांग्रेस में भी पूर्व मंत्री कुमारी शैलजा और पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल के बेटे कुलदीप बिश्नोई के नाम विशेष रूप से चल रहे थे। हाल ही में भूपिंदर सिंह हुड्डा के करीबी उदय भान को हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में नामित किया गया था।