Manipur Violence: केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने शनिवार को कांग्रेस समेत विपक्षी दलों पर जमकर हमला। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल, बिहार और राजस्‍थान जैसे राज्‍यों में महिलाओं के प्रति अपराध बढ़ते जा रहे हैं, लेकिन कोई विपक्षी नेता इस पर बोलने को तैयार नहीं है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि सोनिया गांधी, नीतीश कुमार, राहुल गांधी सभी मूक दर्शक बने हुए हैं।

राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ बढ़ रहे अत्याचार को लेकर अनुराग ठाकुर ने अशोक गहलोत पर निशाना साधा। ठाकुर ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध में राजस्थान नंबर वन राज्य बन गया है। अपराधियों के खिलाफ कोई कदम उठाने के बजाय राज्य में महिलाओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाने पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने एक मंत्री राजेंद्र गुढ़ा को बर्खास्त कर दिया, जो काफी दुर्भाग्यपूर्ण है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मेरा अशोक गहलोत से केवल एक ही सवाल है कि राजस्थान की कानून व्यवस्था क्या सीएम की जिम्मेदारी है या नहीं? क्या वह राजेंद्र गुढ़ा के बयान के बाद इस्तीफा देंगे या नहीं। राजस्थान की घटनाओं पर अशोक गहलोत शर्मसार होते हैं या नहीं? खरगे और गांधी परिवार के लोगों से सवाल है कि क्या राजस्थान की जिम्मेदारी भूल गए हैं। क्या विपक्ष के नेता अपना प्रतिनिधिमंडल राजस्थान, बिहार और बंगाल भी भेजेंगे?

अनुराग ठाकुर ने कहा कि एक शांत और सुरक्षित राज्‍य पिछले पांच वर्षों में महिला अपराध के मामले में नंबर वन बन गया है। एक लाख नौ हजार महिला अपराध की घटनाएं पिछले चार वर्षों में हुई हैं। 33 हजार दुष्‍कर्म की घटनाएं राजस्‍थान में हुई हैं। देशभर की 22 प्रतिशत महिलाओं से दुष्‍कर्म की घटनाएं राजस्‍थान में हो रही हैं। ठाकुर से जब मीडिया ने पूछा कि वह मणिपुर पर चर्चा करने के लिए क्यों तैयार नहीं है? इस सवाल के जवाब में ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार सदन में मणिपुर और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध पर चर्चा करने के लिए पूरी तरह से तैयार है, लेकिन विपक्षी दल खुद इन मुद्दों से भाग रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने पश्चिम बंगाल की मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला बोलते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में महिला मुख्यमंत्री हैं। उसके बावजूद भी महिलाओं के साथ घटनाएं हुई हैं। जो बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि हावड़ा में इंसानियत शर्मसार हुई है, लेकिन सबके होंठ सिले हुए हैं। ठाकुर ने कहा कि हावड़ा में पंचायत चुनाव के दिन टीएमसी के गुंडों में महिला को निर्वस्‍त्र कर घुमाया, प्रत्‍याशी को पीटा गया। इतना ही नहीं बंगाल के मालदा का जो वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें दो महिलाओं को पीट-पीटकर अर्द्धनग्‍न किया गया और घुमाया गया, अब कहां हैं ममता बनर्जी…?