राजस्थान की करणपुर विधानसभा सीट पर चुनाव के लिए मतदान जारी है। अधिकारियों ने कहा कि मतदान शुक्रवार सुबह सात बजे शुरू हुआ जो शाम छह बजे तक चलेगा। कांग्रेस प्रत्याशी के निधन के कारण इस सीट पर चुनाव स्थगित कर दिया गया था। भारतीय जनता पार्टी ने यहां से चुनाव लड़ रहे अपने प्रत्याशी सुरेंद्र पाल सिंह टीटी को पहले ही मंत्रिपरिषद में शामिल करते हुए राज्यमंत्री बना दिया है।

गंगानगर के जिला कलेक्टर अंशदीप ने कहा, ‘‘करणपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ। मतदान शाम छह बजे तक होगा। चुनाव परिणाम आठ जनवरी को घोषित किए जाएंगे।” करणपुर गंगानगर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी और तत्कालीन विधायक गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया था। निर्वाचन क्षेत्र में कुल 249 मतदान केंद्र बनाये गये हैं।

करणपुर विधानसभा सीट पर भाजपा की ओर से पूर्व मंत्री सुरेंद्रपाल सिंह टीटी उम्मीदवार हैं तो कांग्रेस ने कुन्नर के बेटे रुपिंदर सिंह को प्रत्याशी बनाया है। वहीं सत्तारूढ़ भाजपा ने करणपुर सीट से चुनाव लड़ रहे पूर्व मंत्री सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी को 30 दिसंबर को बतौर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मंत्रिपरिषद में शामिल कर लिया। कांग्रेस ने इसकी आलोचना की। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इसे आचार संहिता का स्पष्ट उल्लंघन और वहां के मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास बताया था। नियमों के मुताबिक, गैर-विधायकों को मंत्री के रूप में केवल इस शर्त पर शामिल किया जा सकता है कि वह 6 महीने के भीतर निर्वाचित हो जाएं।

मैं सरकार के हर कार्यकाल में मंत्री था- सुरेंद्र पाल

करणपुर विधानसभा से बीजेपी प्रत्याशी और राजस्थान के मंत्री सुरेंद्र पाल सिंह ने कहा, ”संविधान में प्रावधान है कि सीएम को 6 महीने के लिए किसी को भी शपथ दिलाने का अधिकार है। मैं सरकार के हर कार्यकाल में मंत्री था। भैरों सिंह शेखावत, दो बार वसुंधरा राजे के कार्यकाल में मंत्री और अब इस सरकार में, तो इसमें कोई नई बात नहीं है। मेरे अनुभव को देखते हुए अगर पार्टी ने मुझे पद और सम्मान दिया तो यह इस क्षेत्र के लिए भी गर्व की बात है।”

इससे पहले राजस्थान में विधानसभा की 200 में से 199 सीटों के लिए 25 नवंबर 2023 को मतदान हुआ था। जिसका परिणाम 3 दिसंबर को घोषित किया गया। भाजपा को 115 और कांग्रेस को 69 सीटें मिलीं।