10 जून को हुए राज्यसभा चुनाव में राजस्थान की चार सीटों में से कांग्रेस के तीन उम्मीदवारों ने जीत हासिल की। कांग्रेस की इस जीत पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यह तीसरी बार है जब हमने बीजेपी को मात दी है। आने वाले डेढ़ साल में ऐसा कई बार होगा।

अशोक गहलोत ने कहा कि राजस्थान और उसके सीएम एनडीए सरकार और पीएम के निशाने पर हैं। उन्होंने चुनाव में संकट पैदा किया और खरीद-फरोख्त करने की कोशिश की। लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। सीएम गहलोत ने कहा कि बीजेपी धर्म के आधार पर लोगों को बांट रही है। बड़े शहरों में ही नहीं छोटे शहरों में भी दंगे भड़काए जा रहे हैं। लेकिन हम अपनी विचारधारा से समझौता नहीं करेंगे। हम अभी भी एक राष्ट्रीय पार्टी हैं, भले ही संसद में हमारी संख्या कम हो गई हो।

राजस्थान राज्यसभा चुनाव का हाल: राजस्थान से चार सीटों पर चुनाव हुए थे। जिसमें कांग्रेस ने तीन, भाजपा ने एक और आरएलपी के समर्थन वाला एक उम्मीदवार मैदान में था। वहीं नतीजों में कांग्रेस के तीन, भाजपा के एक उम्मीदवार को जीत मिली। जीतने वालों में कांग्रेस के रणदीप सुरजेवाला, मुकुल वासनिक, प्रमोद तिवारी और भाजपा के घनश्याम तिवाड़ी शामिल हैं।

इतिहास को लेकर दिये अमित शाह के बयान पर गहलोत ने कहा कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह को इतिहास कभी माफ नहीं करेगा। ये कभी इतिहास नहीं बना पाएंगे। ये पुराने इतिहास को ख़त्म कर रहे हैं। इन्हें सबक जनता सिखाएगी। उन्होंने कहा कि ये देश में सिर्फ़ एक ही बात बोलते हैं कि इतने सालों में इन्होंने क्या किया? ये खुद का इतिहास बनाने में कभी कामयाब नहीं हो पाएंगे।

क्या कहा था अमित शाह ने: शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने ‘महाराणा : सहस्त्र वर्ष का धर्म युद्ध’ पुस्तक को लांच करते अतीत के गौरव को पुनर्जीवित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि 800-900 साल की आजादी की लड़ाई के चलते हम बचे हुए हैं। अपनी संस्कृति को जिंदा रखने के लिए लोगों ने बलिदान दिया। लेकिन कुछ लोगों ने इतिहास को विकृत तरीके से लिखा। लेकिन हमें कौन रोक सकता है? सत्य को रोका नहीं जा सकता।

अमित शाह ने कहा कि हमारा प्रयास बड़ा होना चाहिए। हम स्वतंत्र हैं, हमें हमारा इतिहास लिखने से कोई नहीं रोक सकता। कुछ लोगों ने इतिहास को इस तरह से लिखा कि निराशा का जन्म हो।