कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को गुजरात के अरावली जिले के मोडासा में ‘संगठन सृजन अभियान’ की शुरुआत की। इसका उद्देश्य जिला कांग्रेस कमेटियों को सशक्त बनाकर पार्टी को मजबूत बनाने के लिए पार्टी में सुधार करना है। पार्टी के अभियान की शुरुआत करने के लिए राहुल गांधी दो दिवसीय गुजरात दौरे पर आए हैं।
केसी वेणुगोपाल ने दी जानकारी
एक हफ्ते पहले अहमदाबाद में कांग्रेस कार्य समिति (CWC) और अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (AICC) की बैठक के दौरान भी इस प्रतिबद्धता को दोहराया गया था। कांग्रेस के महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने राहुल गांधी के दौरे के बारे में बात करते हुए एक्स पर लिखा, “आज और कल, राहुल गांधी इस प्रक्रिया को शुरू करने के लिए गुजरात में होंगे। वह अरावली जिले के मोडासा में कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान का शुभारंभ करेंगे। इसका पहला उद्देश्य जिला कांग्रेस समितियों और उनके अध्यक्षों को सशक्त बनाकर और जवाबदेही की एक नई प्रणाली शुरू करके पार्टी संगठन को मजबूत करना है।”
गौरतलब है कि राहुल गांधी ने पहले गुजरात में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा था कि पार्टी से कुछ ऐसे लोगों को बाहर निकालने की जरूरत है जो भाजपा के साथ मिले-जुले हैं। राहुल गांधी ने 9 मार्च को पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा था, “अगर हमें (लोगों के साथ) रिश्ता बनाना है, तो हमें दो काम करने होंगे, पहला काम इन दो समूहों (वफादारों और भाजपा समर्थकों) को अलग करना है, सख्त कार्रवाई करनी होगी। अगर हमें दस, पंद्रह, बीस या तीस लोगों को भी निकालना पड़े, तो हमें उन्हें निकालना चाहिए।”
भाजपा के लिए काम करने वालों की आलोचना करते हुए राहुल गांधी ने कहा था, “आप अंदर से भाजपा के लिए काम कर रहे हैं। बाहर जाकर देखिए कि आप बाहर से कैसे काम करते हैं। यहां आपके लिए कोई जगह नहीं है।”
धरती का अनोखा जीव जिसके हैं 1306 पैर, क्या है नाम?
वहीं कांग्रेस के नए अभियान का जिक्र करते हुए अजय कुमार लल्लू ने कहा कि पार्टी की पहल पार्टी को नई दिशा देगी। उन्होंने कहा, “गुजरात महात्मा गांधी और सरदार पटेल की भूमि है। राहुल गांधी जी महात्मा गांधी के अनुयायी हैं। राहुल गांधी की यह नई पहल पार्टी को नई दिशा देगी।”
बिहार को लेकर भी कांग्रेस कर रही तैयारी
पार्टी में बदलाव को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस ने इस साल के अंत में होने वाले बिहार चुनाव के लिए अपने गठबंधन सहयोगी के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा भी शुरू कर दी है। इससे पहले आज दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष के आवास पर कांग्रेस नेताओं और राष्ट्रीय जनता दल के बीच बैठक भी हुई। तेजस्वी यादव के साथ बैठक के दौरान राहुल गांधी भी मौजूद थे।