Citizenship Amendment Act: नागरिकता संशोधन कानून और एनआऱसी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साध रहे हैं। अब राहुल गांधी ने एनपीआर (NPR) पर भी सरकार को जबरदस्त तरीके से घेरा है। राहुल गांधी ने कहा है कि NPR, NRC, नोटबंदी 2 की तरह है और इससे गरीबों पर सबसे ज्यादा मार पडे़गी। राहुल गांधी ने केंद्र की एनडीए सरकार पर हमला करते हुए कहा कि एनपीआर और एनआऱसी के जरिए केंद्र सरकार गरीबों से पूछना चाहती है कि वो भारतीय हैं या नहीं? राहुल गांधी ने कहा कि यह नोटबंदी से दोगुना ज्यादा लोगों को परेशान करेगा। राहुल गांधी ने कांग्रेस के 135वें स्थापना दिवस के मौके पर शिरकत करते हुए यह बातें कही। दिल्ली मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री और उनके 15 दोस्त कभी भी वो कागजात नहीं दिखाएंगे जिनके जरिए पैसे उनके जेब में गए।

कांग्रेस के स्थापना दिवस के मौके पर दिल्ली में 24 अकबर रोड स्थित पार्टी मुख्यालय में ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान वहां पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व पीएम मनमोहन सिंह, एके एंटनी, गुलाम नबी आजाद और मोतीलाल वोरा सहित तमाम दिग्गज नेता मौजूद रहे। राहुल गांधी ने कांग्रेस के स्थापना दिवस के मौके पर गुवाहाटी में भीड़ को भी संबोधित किया। राहुल गांधी ने यहां कहा कि ‘बीजेपी जहां कही भी जाती है नफरत फैलाती है। युवा यहां प्रदर्शन कर रहे हैं और दूसरी अन्य जगहों पर भी युवा प्रदर्शन कर रहे हैं। क्यों आप उनकी हत्या कर रहे हैं…भारतीय जनता पार्टी किसी का आवाज नहीं सुनना चाहती।’

इधर लखनऊ में प्रियंका गांधी ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। प्रियंका ने कहा है कि आज देश खतरे में है। सीएए और एनआरसी से लोगों को डराया जा रहा है। देश में डर का माहौल पैदा किया जा रहा है…सरकार छात्रों की आवाज दबा रही है।’ आपको बता दें कि नागरिकता संशोधन बिल के कानून के बाद से दिल्ली समेत देश के अन्य कई राज्यों में इस कानून के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन हो रहे हैं। कई विपक्षी पार्टियों ने एनआऱसी और सीएए के खिलाफ इस विरोध का समर्थन किया है।