Giriraj Singh Attacks Rahul Gandhi: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी पर निशाना साधा है। गिरिराज सिंह ने गुरुवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का व्यक्तित्व राहुल गांधी की समझ से परे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता इस वक्त संयुक्त राज्य अमेरिका में ‘गाली यात्रा’ पर हैं।
गिरिराज सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी जी खुद नहीं जानते कि वह क्या कहते हैं। देश-विदेश में लोग उन्हें ‘मसखरा आदमी’ के नाम से जानते हैं। सिंह ने कहा कि उनकी दादी कहा करती थीं कि देश का प्रधानमंत्री दुनिया में भारत का प्रतिनिधित्व करता है, लेकिन राहुल गांधी विदेश जाकर देश को गाली देते हैं। पीएम मोदी को गाली देकर अब वो ‘गाली यात्रा’ पर हैं।
मोदी की शख्सियत राहुल गांधी से परे: गिरिराज सिंह
सिंह ने कहा, ‘मोदी एक ऐसी शख्सियत का नाम है जो राहुल की समझ से परे है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया मोदी का सम्मान करती है। वो देश के लोगों का सम्मान और गौरव बढ़ाते हैं। चीन और पाकिस्तान के अलावा शायद ही कोई ऐसा देश होगा, जो पीएम मोदी से हाथ नहीं मिलाना चाहेगा। उन्होंने कहा कि कई और भी हैं जो सम्मान में सिर झुकाते हैं।’ केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ‘प्रबंधन गुरु’ और देश में मीठी क्रांति लाने वाले ‘हेडमास्टर’ की संज्ञा दी।
नए संसद भवन का निर्माण असल मुद्दों से ध्यान भटकाना: राहुल गांधी
राहुल गांधी इस वक्त अमेरिका दौरे पर हैं। एक कार्यक्रम के दौरान गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि नए संसद भवन का निर्माण और ‘सेंगोल’ (राजदंड) की स्थापना बेरोजगारी और असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशश है। कैलीफोर्निया में एनआरआई को संबोधित करते हुए राहुल ने मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मोदी उन लोगों में से हैं, जो सोचते हैं कि वे सब कुछ जानते हैं और यहां तक कि भगवान को भी बता सकते हैं कि ‘क्या चल रहा है।’
गिरिराज ने गांधी पर “तुष्टीकरण की राजनीति” करने का भी आरोप लगाया। अमेरिका में दिए राहुल गांधी के भाषण के संदर्भ में सिंह ने कहा कि कम से कम उन्होंने इसी के जरिए भगवान को तो याद किया। वह आए दिन तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं। वह इफ्तार में जाते थे या टोपी पहनता थे। वह अब अपने कोट पर जनेऊ पहनते हैं और भगवान का नाम लेते हैं।