लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी दिल्ली से केरल के लिए रवाना हो गए हैं। उनके साथ प्रियंका गांधी भी हैं। दोनों वायनाड पहुंचकर आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे। बीते सोमावार की रात केरल के वायनाड में लैंडस्लाइड की दुखद दुर्घटना हुई थी। जिसमें अभी तक 256 लोगों की मौत हो गई है जबकि लगभग 190 लोगों के लापता होने की आशंका है। लैंडस्लाइड के बाद से ही सेना,एनडीआरएफ, राज्य आपात सेवा के जवान और स्थानीय लोगों द्वारा राहत और बचाव कार्य किया जा रहा है।

राहुल और प्रियंका दोनों बुधवार को ही वायनाड जाने वाले थे लेकिन खराब मौसम की वजह से जाना स्थगित हो गया। जिसके बाद गुरुवार को दोनों दिल्ली से वायनाड के लिए रवाना हुए हुए हैं।

वायनाड में आई प्राकृतिक आपदा ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है। सोमवार की रात में आई भयानक बारिश के दौरान ही लैंडस्लाइड की घटना हुई। यह बारिश आफत बनकर आई थी जो अभी तक 256 लोगों को अपने में समा चुकी है जबकि लगभग 190 लोग अभी भी लापता हैं। भू स्खलन से वायनाड के चार गांव पूरी तरह से तबाह हो गए हैं। इस प्राकृतिक आपदा ने न सिर्फ चार खूबसूरत गांवों को तबाह किया है। बल्कि बड़े मात्रा में जन धन की हानि भी पहुंचाई है।

चार खूबसूरत गांव हो गए तबाह

जानकारी के अनुसार इन चारों गांवों में चाय बागान के मजदूर रहते हैं। जहां करीब 22 हजार की आबादी रहती है। रात के समय पूरा गांव चैन की नींद सो रहा था लेकिन आफत की आई बारिश के बाद प्राकृतिक आपदा ने सैकड़ों लोगों को सदा-सदा के लिए सुला दिया। स्थिति ऐसी रही कि किसी को भागने तक का मौका नहीं मिला।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री विजयन पर साधा निशाना

भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन ने वायनाड में हाल ही में हुए लैंडस्लाइड को लेकर मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के नेतृत्व वाली केरल सरकार पर निशाना साधा। मुरलीधरन ने कहा कि राज्य सरकार के के पास प्रबंधन का कोई तरीका नहीं है जिसकी कीमत यहां के लोग चुका रहे हैं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी बीते लोकसभा चुनाव में रायबरेली समेत वायनाड से भी चुनाव लड़ा था। जिसमें राहुल गांधी को रायबरेली के साथ-साथ वायनाड में भी जीत मिली थी। हालांकि राहुल गांधी ने रायबरेली से सांसदी अपने पास रखी और वायनाड से इस्तीफा दे दिया। जिसके बाद वहां उपचुनाव होना है। जहां से राहुल गांधी की बहन और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी प्रत्याशी हैं। इससे पहले साल 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी यूपी के अमेठी के साथ वायनाड से भी चुनाव लड़ा थे। इस दौरान राहुल को अमेठी से हार मिली थी जबकि वायनाड से चुनाव जीतकर वह संसद पहुंचे थे।