Congress Satyagraha: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रविवार (26 मार्च, 2023) को अपने भाई राहुल गांधी को ‘पप्पू’ कहने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जमककर निशाना साधा। 2019 के मानहानि मामले में राहुल को दोषी ठहराए जाने और उसके बाद लोकसभा से अयोग्य ठहराए जाने के विरोध में महात्मा गांधी के स्मारक राजघाट पर कांग्रेस संकल्प सत्याग्रह को संबोधित करते हुए प्रियंका ने कहा कि संसद में मेरे शहीद पिता का अपमान किया। शहीद के बेटे को ‘मीर जाफर’ कहा गया। भाजपा के सीएम कहते हैं कि इनके पिता कौन हैं? पीएम भरी संसद में ‘नेहरू सरनेम’ पर सवाल उठाते हैं? आप पर तो कोई केस नहीं होता, आपकी सदस्यता रद्द नहीं होती।
प्रियंका गांधी ने कहा कि राहुल गांधी ने दुनिया के दो सबसे प्रतिष्ठित संस्थानों – हार्वर्ड और कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है और आप (भाजपा के लोग) उन्हें ‘पप्पू’ कहते हैं, लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि वह ‘पप्पू’ नहीं हैं और लाखों लोग उनके साथ (भारत जोड़ो) यात्रा में चल रहे हैं और वह ईमानदार हैं और आम लोगों के मुद्दों को समझते हैं। प्रियंका गांधी ने कहा कि वे (मोदी) डर गए, क्योंकि राहुल गांधी संसद में ऐसे सवाल उठा रहे थे, जिनके जवाब उनके पास नहीं थे। राजघाट पर ‘संकल्प सत्याग्रह’ के दौरान उन्होंने कहा कि वक्त आ गया है और अब हम चुप नहीं रहेंगे।
कांग्रेस के महासचिव ने कहा कि मेरे परिवार के खून ने इस देश में लोकतंत्र को मजबूत किया है। हम इस देश के लोकतंत्र के लिए कुछ भी करने को तैयार हैं। कांग्रेस के महान नेताओं ने इस देश में लोकतंत्र की नींव रखी। अगर उन्हें लगता है कि वे हमें डरा सकते हैं, तो वे गलत हैं। हम डरने वाले नहीं हैं।
प्रियंका गांधी ने कहा, ‘आपने एक शहीद के बेटे को देशद्रोही, मीर जाफर कहा। संसद में उनकी मां का अपमान किया। उन्होंने कहा कि संसद में प्रधानमंत्री पूछते हैं कि यह परिवार ‘नेहरू’ उपनाम का प्रयोग क्यों नहीं करता है। आप पूरे परिवार और कश्मीरी पंडितों की परंपरा का अपमान करते हैं, लेकिन आपके खिलाफ कोई मामला नहीं है। आपको दो साल की सजा नहीं मिलती है और कोई भी आपको अयोग्य नहीं ठहराता है। प्रियंका गांधी ने कहा कि मीडिया के साथियों… मैं जानती हूं कि आप पर दबाव है। आपको लाइनें भेजी जाती हैं, लेकिन आप पर बहुत बड़ी जिम्मेदारी है क्योंकि आज लोकतंत्र खतरे में हैं। आज आप बोल नहीं पा रहे हैं, हिम्मत करिए… खड़े हो जाइए।
राहुल गांधी ने भगोड़ो को लेकर बोला तो दर्द हुआ
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि राहुल गांधी ने एक भाषण दिया जिसके चलते उन्हें सजा हुई, लेकिन मोदी जी ने तो न जाने कितने भाषण गांधी परिवार और कांग्रेस के खिलाफ दिए उन पर तो कब का मानहानि का केस लगाकर शिक्षा देनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि नीरव मोदी, मेहुल चोक्सी, ललित मोदी OBC हैं? ये तो देश का पैसा लूट कर भाग गए। अगर ये भगोड़े हैं और राहुल गांधी ने भगोड़ो को लेकर बोला तो फिर आपको दर्द क्यों हुआ?
